दक्षिण जिले के आरकेपुरम थाना इलाके में शनिवार सुबह पत्नी के तानों से दुखी होकर एक युवक ने खुदकुशी कर ली। युवक बेरोजगार था। बताया जा रहा है कि पत्नी बेरोजगार होने पर ताने मारती थी।
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आरकेपुरम थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रिंस (24) मुहम्मदपुर गांव, आरकेपुरम में पत्नी पूजा के साथ रहता था।
पूजा ब्यूटी पॉर्लर में काम करती है। शनिवार को उसके घर में रिश्तेदार आए थे और पूजा ब्यूटी पॉर्लर चली गई। प्रिंस की साली रसोई में खाना बना रही थी और वह कमरे में टीवी देख रहा था। कुछ देर बाद साली कमरे में आई तो देखा की प्रिंस ने चुन्नी से फांसी लगा रखी थी।
फांसी के फंदे से उतारकर प्रिंस को सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। खुदकुशी की घटना के बाद प्रिंस के परिवार वाले और उसके ससुराल पक्ष के लोगों में झगड़ा हो गया जिसमें कई लोग घायल हो गए।