हॉट सिटी में पुलिस को धता बताते हुए चोरों ने पिछले दो दिनों में ताबड़तोड़ कई वारदातों को अंजाम दिया। इंदिरापुरम के न्यायखंड में दो, ब्रिजविहार में एक फ्लैट में और वैशाली में दो दुकानों से चोरों ने लाखों का माल उड़ा लिया।
पुलिस चोरों को पकड़ने का दावा कर रही है। मगर लोगों का कहना है कि आए दिन चोरी की वारदातों में चोर लाखों का माल उड़ा लेते हैं मगर पुलिस रिपोर्ट तक दर्ज नहीं करती।
ब्रिज विहार में कंप्यूटर ऑपरेटर के फ्लैट में चोरी
रविवार तड़के ब्रिज विहार स्थित निवासी कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक शर्मा के फ्लैट से चोरों ने लाखों की ज्वैलरी और करीब 20 हजार कैश उड़ा लिया। चोरों ने वारदात से पहले बिल्डिंग के सभी फ्लैटों को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया।
जिससे लोग उन्हें पकड़ नहीं सकें। इतना ही नहीं चोरों ने जाते हुए कुंडी से अपने फिंगर प्रिंट्स भी मिटा दिए। जो दीपक के सामने वाले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। शनिवार शाम दीपक परिवार के साथ रिश्तेदार के घर गुड़गांव गए थे। रविवार सुबह जब लौटे तो मेन गेट खुला था।
अंदर सभी सामान बिखरा था। चोर करीब पांच लाख की ज्वैलरी, चांदी के बर्तन और कैश लेकर उड़ा ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर सुबह सवा तीन बजे घर में दाखिल हुए।
वैशाली में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में चोरी
वैशाली सेक्टर एक निवासी दीपक गोस्वामी घर के ही ग्राउंड फ्लोर पर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। शनिवार को वह हरिद्वार गए हुए थे।
रविवार जब लौटे तो ऑफिस का ताला टूटा था। चोर ऑफिस से टीवी और इन्वर्टर की बैटरी चुरा ले गए। 20 दिन पहले सीमेंट डिस्ट्रीब्यूटर की दुकान से भी लाखों की चोरी हुई थी।
इंदिरापुरम में दो फ्लैटों में लाखों की चोरी
न्यायखंड दो में भी शनिवार को दिनदहाड़े चोरों ने दो फ्लैटों को निशाना बनाते हुए लाखों की ज्वैलरी ओर नगदी उड़ा ली। न्यायखंड दो निवासी गीता नोएडा सेक्टर-57 स्थित एक्सपोर्ट कंपनी में काम करती हैं।
शनिवार सुबह वह अपने ऑफिस गई थीं। शाम करीब पांच बजे गीता घर लौटीं तो फ्लैट की खिड़की की ग्रिल कटी थी। बेडरूम की सेफ से चोर दो लाख रुपये की सोने-चांदी की की ज्वैलरी, कैमरा, मोबाइल फोन, नकदी व अन्य सामान चोरी कर ले गए थे।
गीता के अनुसार दो साल पहले भी उनके घर चोरी हुई थी। जिसका पुलिस ने अभी तक खुलासा नही किया। उधर, न्यायखंड दो की ही निवासी गुड्डी त्यागी शुक्रवार को अपने मायके गई थीं। तभी चोर उनके फ्लैट का ताला तोड़कर करीब चार लाख की ज्वैलरी और नगदी उड़ा ले गए।
चोरियों से गुस्साए रेजीडेंट्स, खुद करेंगे गश्त
इंदिरापुरम। इलाके में बढ़ रही चोरी की वारदातों को देखते हुए आरडब्ल्यूए ने इलाके की सुरक्षा का जिम्मा खुद ही उठाया। है।
न्यायखंड दो में आरडब्ल्यूए ने बैठक कर ये निर्णय लिया है, इसके तहत दो टीमें बनाई गई हैं जो रात और दिन में पेट्रोलिंग करेंगी। टीम में आरडब्ल्यूए के साथ ही रेजीडेंट्स को भी शामिल किया गया है।
न्यायखंड दो में पिछले 15 दिनों में आधा दर्जन चोरी की वारदातों से रेजीडेंट्स घबराए हुए हैं। लोगों का आरोप है कि पुलिस चोरी की वारदात को गंभीरता से नहीं ले रही। समस्या को देखते हुए रेजीडेंट्स ने खुद ही गश्त करने का निर्णय लिया है।
लोगों का कहना है कि इलाके में सब्जी मंडी और रेहड़ी पटरी वालों के कारण बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। इसके कारण सोसायटी में असमाजिक तत्वों का जमावड़ा भी बढ़ता जा रहा है।
ऐसे में आरडब्ल्यूए गश्त करने के साथ ही भीड़-भाड़ वाले इलाकों पर भी नजर रखेंगे। टीम में मामा ठेकेदार, योगेंद्र बहादुर सिंह, टीटू, दीपक त्यागी, करतार हंसवाल आदि शामिल हैं।