सेक्टर-24 थाना अंतर्गत एडोब के पास 6 लाख रुपये लूट सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी ने वायरलेस पर सूचना फ्लैश कराकर पुलिस फोर्स को वाहनों की चेकिंग के लिए लगाया। पुलिस फोर्स सड़कों पर उतरकर वाहनों की चेकिंग में जुट गई।
बाद में पता चला कि दिल्ली निवासी डिजाइनर ने लूट की झूठी सूचना दी थी। कर्ज की रकम वापस न देनी पड़ी इसलिए उसने लूट का ड्रामा किया। हसनपुर दिल्ली निवासी नवीन (24) सेक्टर-24 स्थित ए ब्लॉक में शुगर प्लांट्स की डिजाइनिंग करने वाली कंपनी में डिजाइनर है।
नवीन सुबह 11. 30 बजे सेक्टर-12-22 पुलिस चौकी गया। उसने चौकी प्रभारी कमलेश कुमार यादव को बताया कि एडोब चौराहे के पास वह ऑटो से उतरा ही था कि पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और उसका बैग लूट लिया। बैग में 6 लाख रुपये रखे थे। रुपये बैंक से निकाले थे।
उसके पास से तीन लाख रुपये बरामद कर लिए गए
लुटेरा
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, नोएडा
सेक्टर-24 थाना प्रभारी नीरज सिंह और डीएसपी डॉ. अनूप कुमार के छुट्टी होने की वजह से कमलेश यादव ने सूचना एसपी सिटी दिनेश यादव को दी। एसपी सिटी ने डिजाइनर नवीन को सेक्टर-24 थाने ले आने का निर्देश दिया। एसपी सिटी ने पूछताछ की और नवीन से 6 लाख रुपये का हिसाब मांगा कि यह रकम उसके पास कहां से आई।
उसने पूछताछ करने पर सच्चाई बता दी। एसपी सिटी ने बताया कि नवीन ने कुछ दिन पहले 6 लाख रुपये रिश्तेदार से उधार लिए थे। उसमें से शेयर ट्रेडिंग के कारोबार में उसने तीन लाख रुपये गंवा दिए। रिश्तेदार उससे रुपये वापस लेने का दबाव बना रहा था।
ऐसे में नवीन ने लूट का ड्रामा रचा ताकि उसे रिश्तेदार को रुपये वापस न करना पड़े। नवीन ने बैंक से रुपये निकाल कर पहले उसे काले रंग के बैग में रखा और उसे अपने ऑफिस में छुपा दिया। पुलिस के मुताबिक नवीन से पूछताछ की गई। उसने लूट का ड्रामा किया था। उसके पास से तीन लाख रुपये बरामद कर लिए गए। उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।