नोएडा के सेक्टर-15ए के एक मकान में एचसीएल के मार्केटिंग मैनेजर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बिस्तर पर मिला।
जोधपुर राजस्थान निवासी तेजेंद्र सिंह (33) नोएडा के सेक्टर-126 स्थित एचसीएल कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर थे। तेजेंद्र सेक्टर-15ए के एक मकान में किराए पर रह रहे थे।
शुक्रवार सुबह उनके फोन पर जवाब न मिलने पर ऑफिस का कर्मचारी कमरे पर पहुंचा। काफी आवाज देने पर भी कमरा नहीं खुला, तो उसने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर तेजेंद्र बिस्तर पर बेसुध पड़े थे।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना तेजेंद्र के परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस पूछताछ में परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह आठ बजे के आस-पास तेजेंद्र से फोन पर बातचीत हुई थी।