सराय रोहिल्ला में ठगों ने रुपये के बदले डॉलर देने का झांसा देकर एक कारोबारी से दस लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने कारोबारी को इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास बुलाकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ईशान गुप्ता (28) परिजनों के साथ भेरा एंक्लेव पश्चिम विहार में रहते हैं। बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में उनकी नल बनाने की फैक्टरी है। 3 मई की सुबह ईशान भेरा एंक्लेव स्थित रेडिसन ब्लू होटल के पास पान की दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान वहां एक युवक आया।
युवक ने ईशान को 20 डॉलर दिखाए और कहा कि उसके पास 22 हजार डॉलर हैं। युवक ने ईशान से कहा कि वह डॉलर के बदले भारतीय रुपये लेना चाहता है। दोनों के बीच सौदा तय हो गया। युवक ने ईशान को एक नंबर दिया और उस नंबर पर बात करके आने के लिए कहा। शाम को ईशान ने उस नंबर पर फोन किया। अगले दिन 9 बजे सुबह ईशान को इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन के पास बुलाया गया।
अगले दिन ईशान अपने पिता ईश्वर के साथ वहां पहुंचे। दो युवक वहां पहले से मौजूद थे। उन लोगों ने ईशान को एक रुमाल में बंधी गड्डी दी। गड्डी से डॉलर दिख रहा था। ईशान ने इसके बदले में युवक को दस लाख रुपये दे दिए। दोनों युवक रुपये लेकर चले गए। ईशान ने जब गड्डी खोली, तो वह यह देखकर दंग रह गया कि गड्डी में चार नोट बीस डॉलर के और चार नोट एक डॉलर के थे। बाकी कागज के टुकड़े और साबुन की टिकिया थी।
उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धोखाधड़ी की जगह पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।