बाइकर्स ने कविनगर और राजनगर में शनिवार देर शाम अपोलो अस्पताल की डाइटीशियन समेत दो महिलाओं से हैंडबैग लूट लिए। वारदात आधे घंटे के भीतर हुई। पर्स में टैब, मोबाइल, हजारों रुपये और अन्य सामान था।
कविनगर निवासी अदिति गुप्ता दिल्ली के अपोलो अस्पताल में डाइटीशियन हैं। वे देर शाम करीब आठ बजे दिल्ली से घर लौट रही थी। नया गाजियाबाद स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर वे रिक्शे से घर जा रही थी।
कविनगर ए ब्लॉक में बाइक सवार दो बदमाशों ने शनि मंदिर के पास उनका हैंडबैग लूट लिया। शोर मचाकर बदमाशों को पकड़वाना चाहा, लेकिन बदमाश भाग गए। पर्स में स्मार्टफोन, टैब, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और करीब एक हजार रुपये थे।
अदिति ने बताया कि लूटे गए सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये है। उन्होंने कविनगर थाने में तहरीर दी है। दूसरी वारदात पॉश कालोनी राजनगर में हुई।
बाइक सवार दो बदमाशों ने देर शाम करीब साढे़ सात बजे संगीता निवासी राजनगर सेक्टर-10 से हैंडबैग लूट लिया। वह देवर अभिजीत के साथ राजनगर सेक्टर-10 मार्केट आई थीं। बैग में 500 रुपये, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज थे। अभिजीत ने तहरीर दी है।