पश्चिमशरीरा। संदिग्धदशा में नसरुल्लापुर गांव की एक छात्रा की शुक्रवार की शाम मौत हो गई। 12वीं क्लास में पढ़ने वाली छात्रा का शव घर के भीतर फंदे से लटकता मिला। पिता की मौत के बाद वह भाई-भाभी के साथ रहती थी। फौरी तौर पर घरेलू कलह से तंग आकर खुदकुशी की चर्चा है। पुलिस ने जांच के बाद को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली क्षेत्र के नसरुल्लापुर गांव की रहने वाली रेनू देवी (18) पुत्री राम प्रसाद इंटरमीडिएट की छात्रा थी। बताया जाता है कि उसके पिता की चार साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से मां फिरोजाबाद में रहकर चूड़ी कारखाने में काम करती है। इससे रेनू यहां घर में भाई-भाभी के साथ रहती थी। शुक्रवार की शाम छात्रा की संदिग्धदशा में मौत हो गई। उसकी लाश घर के भीतर ही फंदे से लटकती मिली। घटना के समय वह घर में अकेली थी। भाई कहीं गया हुआ था। जबकि भाभी बकरियां चराने गई थी। देर शाम जब भाभी बकरियां लेकर घर लौटी, तो दरवाजा भीतर से बंद था।
काफी देर आवाज देने के बाद भी जब भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो विवाहिता चीखने-चिल्लाने लगी। शोर सुनकर गांववाले जमा हो गए। दीवार फांदकर ग्रामीण भीतर दाखिल हुए, तो छात्रा की लाश फंदे से लटकती देख उनके होश उड़ गए। सूचना पर आई पश्चिमशरीरा कोतवाली पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्रा ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया। इसे लेकर परिजन पूरी तरह से चुप्पी साधे हैं। वहीं गांववालों में चर्चा है कि घरेलू कलह से तंग आकर छात्रा ने खुदकुशी की है। फौरी तौर पर पुलिस भी यही मान रही है। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद भी सच्चाई का पता चलेगा। छात्रा की मौत से घर-परिवार में कोहराम मचा हुआ है।