घर के सामने गाय व सामान उतारने का विरोध करना परिवार को उस वक्त महंगा पड़ गया, जब दूसरे पक्ष ने उनकी जमकर धुनाई कर डाली। पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत बुधवार को नूंह थाना पुलिस को दी है।
खंड के फिरोजपुर नमक गांव निवासी अरशद हुसैन ने पुलिस को शिकायत दी कि मंगलवार को गांव के ही कुछ लोग उनके घर के सामने गाय व कुछ सामान उतार रहे थे। इसी बात को लेकर उनके बीच कुछ कहासुनी हो गई। इस पर आरोपियों ने उनके घर में घुसकर शिकायतकर्ता व उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर दी।
शोर सुनकर शिकायतकर्ता का भाई इरशाद मौके पर आया तो आरोपियों ने उसे भी पीट दिया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों पर पहले भी हत्या का मुकदमा दर्ज है। बेहद झगडालू व गाय की तस्करी और चोरी करने वाले आरोपियों से उनके परिवार को जान माल का खतरा बना हुआ है।
शिकायतकर्ता ने झगडे़ के दौरान ही आरोपियों की गाड़ी का टायर पंचर कर पुलिस को सूचना कर दी थी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी फरार हो गए, लेकिन पुलिस अपने साथ उनकी गाड़ी को ले गई।
आरोपी लगातार शिकायतकर्ता को जान से मारने की धमकी दे रहे है। जिसकी नूंह थाना पुलिस को बुधवार को शिकायत दी गई। नूंह थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है, जांच की जा रही है।