बिसरख कोतवाली में एक व्यक्ति ने चार लोगों के खिलाफ अपहरण कर फिरौती की मांग करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस पर पुलिस ने बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो गाड़ियां और 32 बोर की पिस्टल बरामद की है।
सीओ डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि आगरा निवासी रविंद्र प्रयाग अपने परिवार की चार लड़कियों को नौकरी लगवाने के लिए ग्रेनो के चौगानपुर लाया था। वहां से दो युवक उन्हें अपने साथ खेड़ा चौगानपुर ले गए, जहां पहले से खेड़ी निवासी सुमित और अफजल समेत चार लोग मौजूद थे।
पीड़ित का आरोप है कि चौगानपुर पहुंचने पर चारों लड़कियों के साथ उसे भी बंधक बना लिया गया और रुपयों की मांग की गई। जैसे-तैसे वहां से तीन लड़कियां भाग निकलीं और पुलिस को सूचना दी। पुलिस अपहरण की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची और दोनों बहन-भाई को छुड़ाया।
हालांकि आरोपी मौके से भाग निकले, लेकिन पीछा करके पुलिस ने अफजल और सुमित को दबोच लिया। साथ ही उनके कब्जे से होंडा सिटी और वैगनआर कार के अलावा 32 बोर की पिस्टल बरामद की है। जबकि दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार करने के लिए लगातार दबिश दे रही है।