थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के तीन ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जो गर्लफ्रेंड पर खर्च करने के लिए स्कूटर और मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के वाहन को मेवात के एक व्यक्ति को बेच देते थे। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से चोरी के 17 मामलों को सुलझाने का दावा किया है। दक्षिण जिला डीसीपी ईश्वर सिंह के अनुसार जिले में वाहन चोरी की बढ़ती वारदात को देखते हुए एसआई वसंतकुंज (साउथ) थानाध्यक्ष वीरेंद्र जैन की देखरेख में राकेश कुमार व हवलदार अशोक की विशेष टीम बनाई गई।
टीम ने जिन जगहों पर वाहन चोरी हुई थी, वहां की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एसआई राकेश कुमार की टीम ने महिपालपुर में चोरी हुई स्कूटी की फुटेज खंगाली तो बदमाश की पहचान दीपभागवती उर्फ दीपू के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने आठ मई को दीपभागवती को उसके दो साथियों कुंदन सिंह नेगी और करण त्रिवेदी उर्फ पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ये स्कूटी व मोटरसाइकिल गर्लफ्रेंड के साथ मौजमस्ती करने के लिए चुराते थे। कुछ दिन बाद इसे मेवात के इमरान को तीन से चार हजार रुपये में बेच देते थे। इनकी निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।