16 जून को धमैड़ा अड्डे पास लूटी गई लग्जरी कार गाजियाबाद के बीटेक छात्र ने अपने चार साथियों के साथ लूटी थी।
पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर और कार बरामद कर वारदात का खुलासा किया है। पुलिस का दावा है कि गर्लफ्रेंड को घुमाने के लिए बीटेक छात्र ने म्यूजिक कंपोजर के साथ मिलकर कार लूटी थी।
एसएसपी अनंत देव ने बताया कि 16 जून की शाम गाजियाबाद की ट्रैवलिंग एजेंसी से एक इटियोस कार बीबीनगर के लिए बुक की गई थी। नगर कोतवाली क्षेत्र के धमैड़ा अड्डे के निकट चालक की कनपटी पर तमंचा रखकर कार लूट ली गई थी।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू की तो पता चला कि कार टैक्सी में चलती है और गाजियाबाद में एक ट्रैवल एजेंसी के जरिए बुक की थी।
पुलिस ने ट्रैवल एजेंसी पर बुकिंग के लिए आई कॉल के जरिए गौरव शर्मा पुत्र सुरेंद्र शर्मा निवासी विजय नगर, शिवम उर्फ रोबो पुत्र प्रेम कुमार शर्मा निवासी झडीना गढ़मुक्तेश्वर हापुड़, संदीप पुत्र अवधेश प्रताप और सूरज पुत्र राजाराम निवासी कनावनी नोएडा समेत एक अन्य नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इन्हें रविवार शाम सूचना पर नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित शेल्टन होटल के पास से गिरफ्तार किया। इनके पास से लूटी गई इटियोस कार, एक तमंचा 12 बोर, दो कारतूस और एक छुरी बरामद की।
बकौल एसएसपी, गौरव शर्मा पुत्र सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि वह गाजियाबाद में बीटेक इंफोर्मेंशन टेक्नोलॉजी का छात्र है। कुछ माह पहले एक लड़की से प्यार हो गया था। गर्लफ्रेंड को लग्जरी कार में घुमाने के लिए लूट की वारदात को अंजाम दिया।
दोस्त के चक्कर में म्यूजिक कंपोजर से बना लुटेरा
गौरव के दोस्त शिवम उर्फ रोबो ने पुलिस को बताया कि वह एक म्यूजिक कंपोजर है। कई बार टीवी पर आने वाले कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुका है। उसने बताया कि गौरव के बहकावे में आकर उसने गौरव का साथ दिया।
एक-एक हजार में तीन लड़के किए हायर
10वीं कक्षा में पढ़ने वाले संदीप और 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले मनीष ने बताया कि वह दोनों क्रिकेट खेल रहे थे। तभी एक लड़के ने सूचना दी कि एक काम मिला है।
गौरव से जब बात हुई तो उसने कहा कि कार में चलना है। सभी को एक-एक हजार रुपये मिलेंगे। इसी लालच में नाबालिग छात्र को लेकर कार में बैठकर चल दिए।
रास्ते में गौरव ने शराब ली। इसके बाद कार लूट ली। लूटने के बाद गौरव ने कार की नंबर प्लेट बदल दी।