फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अस्पताल से बच्ची अगवा, मेट्रो स्टेशन पर मिली

Sun, 28 Aug 2016 09:16 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
बाड़ा हिंदूराव अस्पताल से शनिवार सुबह एक महिला ने छह माह की बच्ची को अगवा कर लिया। घटना के समय बच्ची की मां अपनी बड़ी बेटी का खून जांच करवाने के लिए गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की।
विज्ञापन


दोपहर बाद बच्ची मॉडल टाउन इलाके से मिल गई। बच्ची को एक  महिला ने मॉडल टाउन मेट्रो स्टेशन पर लावारिस हालत में देखा तो उसे मॉडल टाउन थाना पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार मूलत: नोएडा की रहने वाली रेहाना बाड़ा हिंदुराव इलाके में अपने बुआ की घर आई थी। उसकी बड़ी बेटी की तबीयत खराब होने की वजह से उसका बाड़ा हिंदुराव अस्पताल में इलाज चल रहा है।
विज्ञापन


शनिवार सुबह रेहाना अपनी दोनों बेटी को लेकर अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों ने बड़ी बेटी का खून जांच करवाने के लिए कहा। रेहाना दोनों बेटी को लेकर पहली मंजिल पर पहुंची। बड़ी बेटी की खून जांच करने के दौरान उसकी छह माह की छोटी बेटी अतीफा जोर-जोर से रोने लगी।

नर्स ने रेहाना को वहां खड़ी महिला के गोद में अपनी बच्ची को देकर बड़ी बेटी को पकड़ने के लिए कहा। रेहाना ने ऐसा ही किया, लेकिन कुछ देर बाद जब वह अपनी छोटी बेटी को लेने के लिए मुड़ी तो महिला बच्ची समेत गायब हो गई।

रेहाना ने शोर मचाना शुरू कर दिया और अपनी बच्ची की तलाश में अस्पताल में इधर उधर घूमने लगी। उसने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। घटना की जानकारी अस्पताल प्रशासन को दी गई।

आरोप है कि उन लोगों ने इस मामले में कोई मदद नहीं की। पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दे दी। पुलिस ने छानबीन में पाया कि अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं।

पुलिस ने बच्ची के गायब होने की सूचना मेट्रो स्टेशनों, बस अड्डों व सभी पीसीआर वैन को दी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला ने बच्ची को मॉडल टाउन थाने में सौंपा है। बच्ची की पहचान अतीफा के रूप में हुई। महिला ने बताया कि उसे बच्ची मॉडल टाउन मेट्रो स्टेशन पर लावारिस मिली।

बच्ची को ई-रिक्शा से लेकर गई थी महिला 
अस्पताल में छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि एक महिला छोटी बच्ची को ई-रिक्शा से लेकर अस्पताल से गई है। पुलिस की टीम ने तुरंत ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ शुरू की।

जिला पुलिस उपायुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ पुलिस के पास काफी सबूत हैं और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही उस महिला की भी जांच की जा रही है जिसने बच्ची को मॉडल टाउन थाने में सौंपा है।  
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें