दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच सद्दाम गौरी गैंग के भगोड़े बदमाश को दबोचा है। आरोपी की पहचान साहिल उर्फ छोटा रोशन उर्फ चेला के रूप में हुई है। पुलिस की मानें तो हत्या के मामले में रोहिणी जेल में बंद सद्दाम गौरी की कोर्ट में पैरवी करने के लिए साहिल सट्टा कारोबारियों से जबरन वसूली कर रहा था।
सद्दाम गैंग दिल्ली के नीरज बवाना, गौरव झरेरा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमित भूरा गैंग के साथ भी काम करता है। अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रवींद्र यादव ने बताया कि एसीपी जसबीर सिंह और इंस्पेक्टर पीसी खंडूरी की टीम को सूचना मिली थी कि सूरज विहार, बस स्टॉप, द्वारका मोड़ के पास साहिल अपने साथियों से मिलने आने वाला है।
सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। छह आपराधिक मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी। वहीं 19 आपराधिक मामलों में वह शामिल रह चुका है। गैंग लीडर सद्दाम गौरी ने गौरव झरेरा गैंग के साथ मिलकर दिल्ली कैंट इलाके में एक शख्स की हत्या कर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया था।
वहीं, साहिल ने बताया कि इनके गैंग ने उत्तराखंड से गैंगस्टर अमित भूरा को भगाने में मदद की थी। गैंग ने कुछ वारदात नीरज बवाना के साथ मिलकर भी अंजाम दिया है। साहिल ने बताया कि वह अमित भारद्वाज, बाबर खान, दीपक उर्फ दीपू, मनी नासा और सद्दाम के साथ मिलकर पिछले कई सालों से वारदातों को अंजाम दे रहा था।