शकरपुर इलाके के गुरू रामदास नगर इलाके में रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने गारमेंट्स कारोबारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त सुभाष कुमार यादव (39) के रूप में हुई है। देर रात को सुभाष घर में सोने की तैयारी कर रहा था इस बीच अज्ञात लोगों ने कॉल कर उन्हें घर से बाहर बुलाया
घर से चंद कदमों की दूरी पर तीन-चार लोगों ने कहासुनी के दौरान सुभाष पर चाकू से हमला कर दिया। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।
पुलिस सीडीआर और घर के पास लगे सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। शुरूआती जांच के बाद पुलिस आपसी रंजिश व रुपयों की लेन-देन समेत अन्य पहलुओं को देखकर मामले की छानबीन कर रही है।
कॉल कर घर से बाहर बुलाकर दिया वारदात को अंजाम
क्राइम
पुलिस के मुताबिक सुभाष अपने परिवार के साथ गुरू रामदास नगर, शकरपुर में रहता था। परिवार में पत्नी निर्मला देवी, तीन बेटियां व अन्य सदस्य हैं। सुभाष का शकरपुर इलाके में रेडीमेड गारमेंट्स सप्लाई का काम था।
रविवार रात को खाना खाने के बाद सुभाष सोने की तैयारी कर रहा था। इस बीच अज्ञात लोगों ने उसे कॉल कर घर से बाहर बुलाया। सुभाष घर से थोड़ी दूर जाकर तीन-चार लोगों से बातचीत करने लगे।
इसी बीच तेज चिल्लाने की आवाज आने लगी। आरोपियों ने सुभाष पर चाकू से हमला कर दिया। बाद में सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पत्नी निर्मला और सुभाष का छोटा भाई भूपेंद्र यादव उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया है कि आरोपी हत्या करने के इरादे से ही उसके घर आए थे। घटना को अंजाम देने से पूर्व आरोपियों ने गली की स्ट्रीट लाइट भी बंद कर दी थी। इसकी वजह से वह आसानी से फरार भी हो गए। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद सुभाष का शव परिवार को सौंप दिया है।