दिल्ली के मयूर विहार इलाके में केन्या की एक महिला के साथ चार युवकों ने चलती कार में गैंग रेप किया। आरोपियों ने साकेत स्थित पीवीआर के पास से बृहस्पतिवार रात महिला को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठाया था। घटना को अंजाम देने के बाद पीड़िता को डीएनडी टोल बूथ के पास सड़क के किनारे फेंक कर चले गए। डीएनडी कर्मचारियों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में महिला का मेडिकल करवाया गया। दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मयूर विहार थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अगवा कर गैंगरेप और लूटपाट का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में शामिल चारों आरोपियों राकेश, दीपक, सन्नी और जॉनसन को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के नशे में थी महिला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक केन्या की रहने वाली 35 वर्षीय महिला भारत में कुछ माह पहले टूरिस्ट वीजा पर आई है। वह देवली इलाके में रहती है। बृहस्पतिवार रात 12 बजे पीड़िता साकेत पीवीआर के पास टैक्सी का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की एसेंट कार पर सवार चार युवकों ने महिला को लिफ्ट देने का झांसा देकर कार में बिठा लिया।
कुछ दूर चलने के बाद आरोपी युवक महिला के साथ अश्लील हरकतें करने लगे। महिला ने विरोध किया और शोर मचाने लगी। जिससे गुस्साए युवकों ने उसकी पिटाई कर दी। उसके बाद चारों युवकों ने उसके साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। युवक महिला को लेकर साकेत से रिंग रोड होते हुए डीएनडी फ्लाई ओवर से मयूर विहार की ओर गए और टोल प्लाजा पार करने के बाद उसे कार से धक्का दे दिया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला आरोपियों का सुराग
रोड पर महिला शोर मचाने लगी। टोल प्लाजा के कर्मचारी शोर सुनकर वहां पहुंचे। उन लोगों ने महिला के कपड़े फटे हुए पाए और शरीर पर जख्म देखकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। उस समय करीब पौने तीन बज रहे थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस पीड़िता को लेकर अस्पताल पहुंची। महिला के मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। नशा कम होने पर महिला का मेडिकल करवाया गया। जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। भाषा समझने में दिक्कत होने की वजह से पुलिस ने ट्रांसलेटर और केन्या एंबेसी के कर्मचारियों को थाने बुलाया और महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।
महिला के बयान के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के दौरान टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरा के फुटेज को खंगाला। जिसमें आरोपियों की कार को देखा गया। पुलिस ने कार का रजिस्ट्रेशन नंबर से उसके मालिक की पहचान कर ली। पुलिस ने कार को मयूर विहार की जनता कॉलोनी से बरामद कर लिया। बाद में पूछताछ कर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राकेश, दीपक, सन्नी और जॉनसन के रूप में हुई। तीन देवली के रहने वाले हैं जबकि एक मयूर विहार इलाके का रहने वाला है।
युवकों ने आरोप से किया इनकार
आरोपी युवकों ने महिला पर झूठा मामला दर्ज करवाने का आरोप लगाया है। पुलिस की पूछताछ में उनलोगों ने बताया कि महिला अपनी मर्जी से कार में सवार हुई थी। डीएनडी फ्लाई ओवर पर उनका महिला से झगड़ा हो गया। उसके बाद उन लोगों ने उसे टोल प्लाजा के बाद उतार कर चले गए। हालांकि पुलिस अभी आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।
विदेशी मूल की महिलाओं से दुष्कर्म के मामले
. 19 फरवरी 2015-मयूर विहार में केन्या की महिला से गैंगरेप
. 15 जनवरी 2014-डेनमार्क महिला से पहाड़गंज में गैंगरेप
. 8 जनवरी 2014-पोलैंड की महिला से चलती कार में चालक ने किया रेप
. 6 फरवरी 2013-हौजखास इलाके में बेल्जियम की युवती से दोस्त ने किया बलात्कार
. 8 जुलाई 2012-मजनूे का टीला इलाके में रूसी महिला से दुष्कर्म