दो युवकों ने नाबालिग लड़की को अगवा करने के बाद पहले कई दिन यहां गैंगरेप किया। फिर उनमें एक युवक ने लड़की को दिल्ली ले जाकर वहां कई दिन तक किराए के कमरे में रखकर यौन शोषण किया।
किसी तरह लड़की ने मकान मालिक की पत्नी से मोबाइल लेकर फोन किया तो पिता ने दिल्ली पुलिस की मदद से उसे मुक्त कराया। हालांकि आरोपी मिले नहीं। लड़की को यहां लाकर पिता ने हंडिया थाने में नामजद तहरीर दी।
17 वर्षीय इस लड़की के पिता ने हंडिया थाने में दी लिखित शिकायत में बताया है कि उसकी बेटी को छह अगस्त की रात घर के बाहर से दो युवकों ने अगवा कर लिया। वे उसे गाड़ी में खींचकर सुनसान में ले गए। उसके साथ गैंगरेप किया।
फिर हनुमानगंज में एक रिश्तेदार के यहां भी दो हफ्ते तक रखकर उसके साथ बलात्कार करते रहे। वहां से एक युवक उसे दिल्ली ले गया। यहां परिवार के लोग बेटी की तलाश में भटकते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चल पा रहा था। पांच अक्तूबर को लड़की ने मौका पाकर मकान मालिक की पत्नी को अपनी व्यथा सुना दी।
मोबाइल लेकर यहां अपने पिता को भी फोनकर सब कुछ बताया। मकान का पता भी नोट कराया। बेटी का फोन आते ही पिता ने दिल्ली जाकर बदरपुर थाने की पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उस मकान में छापा मारकर लड़की को बरामद कर लिया लेकिन आरोपी युवक फरार हो गया था।
दिल्ली पुलिस ने लड़की उसके पिता के हवाले कर दी। बेटी को घर लाकर पिता ने एसएसपी और हंडिया थाने की पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।