दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में नौवीं कक्षा की एक छात्रा से गैंगरेप किया गया। मॉल में घूमने के दौरान उसकी सहेली के एक दोस्त ने पीड़िता को नशीली कोल ड्रिंक पिलाई।
इसके बाद नशा होने पर घर छोड़ने के बहाने उसके तीन दोस्त द्वारका के एक फ्लैट में ले गए और उसके साथ गैंगरेप किया।
अगले दिन किसी तरह घर पहुंचने के बाद परिजनों के साथ राजौरी गार्डन थाना पहुंचकर पीड़ित छात्रा ने इसकी शिकायत की। पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सहेली के साथ गई थी मॉल घूमने
17 वर्षीय छात्रा परिजनों के साथ उत्तम नगर इलाके में रहती है। गत 22 जून की रात छात्रा सहेली के साथ राजौरी गार्डन स्थित एक मॉल में घूमने गई।
इस दौरान सहेली उसे दूसरी मंजिल स्थित एक क्लब में ले गई, जहां उसकी मुलाकात अपने परिचित आकाश से करवाई।
इसी दौरान आकाश के तीन दोस्त साहिल, बाबर और विक्की पहुंच गए। छात्रा का आरोप है कि आकाश ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी।
क्लब, पार्क और फ्लैट में लूटी इज्जत
कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद उसे नशा छाने लगा। इस दौरान आकाश ने उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे पार्क में ले गए।
नशे की हालत में युवकों ने उसे घर छोड़ने की बात कहकर आकाश के तीन दोस्त ऑटो से द्वारका स्थित एक फ्लैट में ले गए। जहां तीनों ने उसके साथ गैंगरेप किया।
अगले दिन सुबह तीनों आरोपी उसे द्वारका इलाके में ही छोड़कर फरार हो गए। घर पहुंचने के बाद पीड़िता ने परिजनों को सारी बात बताई।
सहेली की भूमिका संदिग्ध
सोमवार की शाम पीड़िता की बहन और जीजा उसे लेकर राजौरी गार्डन थाने पहुंचे और घटना की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल करवाया।
इसमें दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद राजौरी गार्डन थाने की पुलिस ने दुष्कर्म और पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए मंगलवार को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूरी घटना में पीड़िता की सहेली की भूमिका भी सदिग्ध है। आखिर क्लब में पीड़िता को बीमार होते देख सहेली उसे घर वापस क्यों नहीं ले गई। और जब आकाश ने उससे क्लब में ही छेड़छाड़ की, तो उसने विरोध क्यों नहीं किया। हालांकि अभी इस पक्ष पर पुलिस की नजर नहीं गई है।