साहा के अल्लापुर गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डूबा दिया। इस हादसे में मां और दादी ने अपनी जान पर खेलकर अपने घर के चिराग को तो करेंट से बचा लिया, लेकिन करेंट ने उन दोनों की जानें ले ली। चिकित्सकों ने भी जांच के बाद उन्हे मृत घोषित कर लिया।
जबकि बेटे विकास की हालत सामान्य है। मगर इस हादसे के बाद से विकास सदमे में ही चल रहा। उधर, इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। सभी लोग विकास के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बांधते रहे। उधर, पुलिस ने भी दोनों महिलाओं के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों को सौंप दिया है।
मां ने बेटे को झटककर दूर फैंका
साहा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार हुआ यूं कि 21 वर्षीय विकास की बहन घर के आंगन में ही कोई काम कर रही थी। तभी अचानक वहां कपड़े सुखाने के लिए बांधी गई लोहे की तार में विकास की बहन को कुछ करेंट होने का आभास हुआ। उसने अपने भाई विकास से इस बात का जिक्र किया कि इस लोहे की तार में करेंट है।
बस, इसी बात की जांच के लिए विकास ने तार को छू लिया। तार छूते ही विकास तार से चिपक गया। जिसे देखकर उसकी बहन और विकास चिल्लाने लगे। तभी ये नजारा देखती हुई विकास की मां बाला देवी दौड़ती हुई आई और उसने विकास को झटककर दूर कर दिया, लेकिन करेंट ने उसे चपेट में ले लिया। यही नजारा देखकर विकास की दादी मामचंदी मां की मदद के लिए दौड़ी। जैसे ही उसने बाला देवी को छुड़वाने का प्रयास किया तो दादी भी तार से ही चिपक गई।
मां और दादी मृत घोषित
तभी वहां विकास का चाचा पहुंच गया और उसने किसी चीज से तार को ही तोड़ दिया। उसके बाद विकास, मां और दादी तीनों बेहोश हो गए। तीनों को स्थानीय अस्पताल तुरंत पहुंचाया गया। जहां विकास तो सामान्य बताया जा रहा है।
मगर चिकित्सकों ने मां और दादी को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में जहां विकास के पूरे परिवार को तोड़ दिया है, वहीं गांव के लोग भी इस हादसे से बेहद सकते में हैं।
इस हादसे के बाद पुलिस ने मां और दादी का पोस्टमार्टम करवाकर शव वारिसों को सौंप दिया है। विकास को बचाने के लिए उसकी मां और दादी की जान चली गई। हादसा बहुत ही दर्दनाक था। पुलिस ने जरूरी कार्रवाई कर ली है।
-एएसआई रामेश्वर, जांच अफसर, साहा थाना-