दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में पिटाई का बदला लेने के लिए एक युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर दी और शव नाले में फेंक दिया। इस बात का खुलासा पुलिस के गिरफ्त में आने के बाद आरोपी युवक ने किया है।
पुलिस के अनुसार संजय (24) सपरिवार जहांगीरपुरी-के ब्लॉक में रहता था। गत सात अप्रैल को वह घर से गायब हो गया। काफी तलाश के बाद युवक के नहीं मिलने पर उसके परिजनों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
दस अप्रैल को संजय का शव एक नाले में मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पता चला कि संजय अंतिम बार इसी इलाके में रहने वाले विक्की (22) के साथ देखा गया था।
पुलिस ने विक्की को हिरासत में लेकर पूछताछ की। विक्की ने संजय की हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोेपी ने बताया कि एक मामले में दोनों जेल में बंद थे।
किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हुई, जिसमें संजय ने उसकी पिर्टाई कर दी थी। इसी का बदला लेने के लिए सात अप्रैल को उसने संजय के सिर पर ईट से वार कर शव नाले में फेंक कर फरार हो गया।