फरीदाबाद के थाना मुजेसर के बाजरी गांव में एक व्यक्ति ने प्रॉपर्टी डीलर बनकर एक किसान से उसकी जमीन हड़प ली।
आरोपी ने किसान की थोड़ी जमीन की रजिस्ट्री कराने के बहाने सारी जमीन की रजिस्ट्री करा ली और किसान को करीब 63 लाख की रुपये की चपत लगा दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जब दो अन्य आरोपी फरार हैं।
पढ़ें:ईएसआई की बैठक में छाया अव्यवस्था का मुद्दा
धोखाधड़ी का यह मामला किसान रविंद्र त्यागी के साथ हुआ। रविंद्र ने थाना मुजेसर में कुछ समय पहले शिकायत दर्ज कराई थी। रविंद्र अपने परिवार के साथ बाजरी गांव में रहता है, गांव में उसकी 4170 वर्ग गज जमीन है। वह इस जमीन में से कुछ हिस्सा बेचना चाहता था।
कुछ माह पहले उसके संपर्क में डबुआ कॉलोनी निवासी पवन भड़ाना उर्फ पम्मी आया। पवन ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताया और जमीन ऊंचे दाम में बिकवाने का लालच रविंद्र त्यागी को दिया। रविंद्र ने 1388 वर्ग गज जमीन बेचने की बात पवन से कही।
पढ़ें:नमन अपहरण केस का छठा आरोपी भी गिरफ्तार
मामले की जांच कर रहे एएसआई हरि किशन के मुताबिक रविंद्र का आरोप है कि पवन ने 4600 रुपये वर्ग गज के हिसाब से 1388 वर्ग का जमीन का सौदा करवा दिया। पवन के साथ इस मामले में पाली निवासी रोहताश और भगत राम भी शामिल थे।
रविंद्र का आरोप है कि पवन ने 1388 वर्ग गज जमीन की रजिस्ट्री बनवा कर उसे दिखाई और धोखे से 1388 के स्थान पर 4170 वर्ग गज पूरी जमीन की रजिस्ट्री पवन ने अपनी मां पाला देवी के नाम करा ली।
फर्जीवाड़े का पता लगने पर रविंद्र ने थाना मुजेसर पुलिस से शिकायत की। जांच अधिकारी हरि किशन ने मुख्य आरोपी पवन को 8 जुलाई को गिरफ्तार किया, जिसके बाद उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके बाकी साथियों की तलाश की जा रही है।