प्रधानमंत्री कार्यालय के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को एक साप्ताहिक अखबार का पत्रकार बताने वाले शख्स ने 83 साल के बुजुर्ग की कविताएं साउथ अफ्रीका में छपवाने का झांसा देकर उनसे 12 लाख रुपये ठग लिये।
बाद में बुजुर्ग को प्रधानमंत्री कार्यालय का एक फर्जी लैटर तैयार कर बुजुर्ग को झांसा दिया। लेकिन, शक होने पर बुजुर्ग ने पीएमओ से शिकायत की। पीएमओ की शिकायत पर अपराध शाखा ने आरोपी को दबोच लिया।
इसकी पहचान मुन्ना सिंह (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने लैटर तैयार करने में इस्तेमाल किया गया कंप्यूटर भी बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि भारतीय रेल से रिटायर अधिकारी गंगाराम अग्रवाल (83) ने प्रधानमंत्री कार्यालय से शिकायत की थी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से आग्रह कर मामला दर्ज करने के लिए कहा।
अपराध शाखा ने फौरन मामला दर्ज कर छानबीन की तो पता चला कि आरोपी मुन्ना ने अपना घर बदलकर मोबाइल फोन भी बंद कर दिया है। इसके बाद पुलिस ने एक जून को आरोपी मुन्ना जहांगीरपुरी इलाके से दबोच लिया।