दिल्ली में लंबी दूरी की ट्रेनों में नो रूम होने के बावजूद रिजर्वेशन टिकट दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले चार लोगों को भारत नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी नाबालिग है।
पुलिस के अनुसार, मुजफ्फरपुर (बिहार) निवासी पंकज साहनी (21) नरेला में रहता है। आठ फरवरी को पंकज गांव जाने के लिए जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन पहुंचा। वहां उसे रामश्रेष्ठ नाम का एक व्यक्ति मिला।
रामश्रेष्ठ ने बताया कि उसका जीजा टीटीई है और वह उसे टिकट दिलवा देगा। उसके बाद आरोपी पंकज को कन्हैया नगर स्थित एक फ्लैट पर ले गया। वहां उसने पंकज को एक अन्य सहयोगी रूपाली और एक नाबालिग से मिलवाया।
आरोपी पंकज को बातों में उलझा कर बैग लेकर फरार हो गए। पंकज ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने हुलिए के आधार पर इलाके से ही नाबालिग समेत चारों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर तीस हजार रुपये, 11 एटीएम कार्ड, 98 मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, 26 बैंक डिपोजिट स्लिप (4.20 लाख), 22 सूटकेस और 62 बैग बरामद किए हैं।