दादरी में सस्ते दामों पर जमीन दिलाने का झांसा देकर एक दंपति पर दो साल पहले 80 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। पति-पत्नी के खिलाफ दादरी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों को तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, नगर के मोहल्ला नई आबादी निवासी आनंद सिंह को वर्ष 2014 में जमीन अधिग्रहण के चलते मुआवजा मिला था। मुआवजा मिलने के बाद आनंद सिंह बीमार हो गए। इस दौरान अलीगढ़ के प्रीत विहार कॉलोनी निवासी विनोद कुमार राघव और पत्नी सुनीता उनसे मिलने को आए।
विनोद ने सस्ते दामों में जमीन बिकने के जानकारी उनको दी। उन्होंने रेलवे रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में अपने और पत्नी संजू के खाते से 4 और 6 फरवरी, 2015 को 50 व 30 लाख रुपये नकद ट्रांसफर करा लिए। जब आनंद सिंह ठीक होकर अस्पताल से आए तो जमीन का बैनामा कराने को कहा। कुछ समय तक तो दोनों टरकाते रहे।
उसके बाद बदमाशों से संबंध बताकर परिवार समेत जान से मारने की धमकी दे दी। पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से की। कोई कार्रवाई न होने पर पुलिस के आलाधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद कोतवाली दादरी में नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई ।
प्रभारी निरीक्षक संजय त्यागी का कहना है कि पति-पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट कर पुलिस अभियुक्तों को तलाश कर रही है।