लोहियानगर स्थित गीता-संजय स्कूल के गेट पर बृहस्पतिवार दोपहर को मनचलों ने छात्रा के भाई को हॉकी-डंडों से दौड़ाकर-दौड़ाकर पीटा। उसे यशोदा अस्पताल की आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
वारदात स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इस बाबत सिहानी गेट कोतवाली में तीन छात्रों समेत पांच के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस जांच कर रही है।
आरोप है कि मनचले छात्रा से आए दिन छेड़छाड़ करते थे। परेशान छात्रा मंगलवार को मां और फुफेरे भाई को साथ लेकर आई थी, छेड़छाड़ का विरोध करने पर तब आरोपियों ने मां पर भी अश्लील कमेंट्स किए थे। फुफेरे भाई के विरोध जताने पर उसे पीटने की धमकी दी थी।
बृहस्पतिवार को छात्रा को स्कूल से लेने आए फुफेरे भाई से मनचलों ने स्कूल के गेट पर मारपीट की। वह जान बचाने को स्कूल में भागा तो वहां भी मनचलों ने पीटा। स्कूल के गमले तोड़ दिए।
स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड उसे बचाने की बजाय दरवाजा बंद कर भाग खडे़ हुए। आरोपी दूसरे समुदाय के हैं। पुलिस के मुताबिक, आईसीयू में भर्ती युवक की बहन गीता संजय स्कूल में 10वीं क्लास में पढ़ती है।
छात्रा के परिजनों ने बताया कि स्कूल के बाहर छुट्टी के वक्त स्कूली छात्र और कुछ मनचले घूमते हैं, जो छात्राओं से छेड़खानी करते हैं। बच्चाें को स्कूल से लेने गए पैरेंट्स पर भी छींटाकशी करते हैं।
एसओ सिहानीगेट रणवीर सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे की फुटेज में मारपीट करने वालों की फुटेज कैद हो गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है, वे कैला भट्टा के रहने वाले हैं।
स्कूल के वाइस प्रिंसिपल ने बताया कि दोनों पक्ष स्कूल के बाहर के हैं। मारपीट भी स्कूल के बाहर हुई है। सीसीटीवी में मारपीट होते हुए आई है। युवक मारपीट करते हुए स्कूल से रिसेप्शन तक आ गए थे।