गाजियाबाद के लोनी में चार बदमाशों ने दिनदहाडे़ बंथला नहर मार्ग पर बाइक सवार युवक युवती से सात हजार की नगदी एवं करीब 50 हजार के जेवरात लूट लिए। बदमाशों ने युवती को खेत में खींचकर रेप की कोशिश की, लेकिन राहगीरों के पहुंचने पर उन्हें भागना पड़ा। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत नहीं की है।
विज्ञापन
दोपहर दो बजे बंथला नहर मार्ग से 22 वर्षीय युवक 28 वर्षीय शादीशुदा महिला के साथ बंथला की ओर जा रहा था। सिकरानी गांव के सामने बाइक सवार चार बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया तथा तमंचे के बल पर महिला का बैग एवं पैरों से सैंपल लूट ली।
यही नहीं बदमाशों ने युवक को पकड़ लिया और महिला को ज्वार के खेत में खींचकर रेप की कोशिश की। मगर इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीरों को देख बदमाश युवक की बाइक का प्लग निकालकर भाग गए।
विज्ञापन
कौन थी बाइक सवार महिला?
इसके बाद युवक एवं महिला रोते हुए बाइक को लेकर बंथला की ओर चले गए। हिला के बैग में सात हजार रुपये एवं करीब 50 हजार रुपये के जेवरात रखे थे। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पीड़ित जा चुके थे।
लूट का शिकार हुए युवक एवं महिला कौन थे और कहां से आए थे? इसका पता नहीं लग सका है। बकौल बंथला चौकी प्रभारी शिकायत मिलने पर जांच की जाएगी।
महिला ने देवर पर लगाए गंभीर आरोप लोनी की एक महिला ने अपने देवर, बहनोई एवं उनके एक साथी पर घर में घुसकर छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लक्ष्मी गार्डन कालोनी निवासी वकील की पत्नी का आरोप है कि शनिवार शाम 7.30 बजे दिल्ली में रहने वाला उसका देवर शकील, अपने साथी मोमीन एवं बहनोई नसरू के साथ उसके घर आया तथा मारपीट के बाद उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग मौके पर एकत्र हुए तो वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
युवती का अपहरण कर गुलावठी में छोड़ा
गाजियाबाद में मसूरी के रघुनाथपुर में रात करीब दो बजे बदमाशों ने घर में सो रही युवती का अपहरण कर लिया। तमंचों की बल पर बदमाश युवती को कार में डालकर ले गए।
परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी तो पुलिस हरकत में आई। बाद में बदमाश बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव बराल के पास युवती और अपनी कार को छोड़कर भाग निकले। पुलिस इस पूरे मामले को संदिग्ध मान रही है। परिजनों ने तहरीर भी नहीं दी है।
घटना के बाद से इलाके मे तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
आधी रात को घर में घुसकर नाबालिग से जबरदस्ती
लोनी में भी देर रात को युवक ने पड़ोसी के घर में घुसकर उसकी नाबालिग बेटी के साथ जोर जबरदस्ती की कोशिश की। किशोरी के शोर मचाने पर उसकी मां मौके पर पहुंची तो आरोपी ने उसके सिर पर डंडा मार दिया।
इसी दौरान मोहल्ले के लोगों ने आरोपी को दबोच लिया तथा जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। रामपार्क एक्सटेंशन चौकी इंचार्ज आरपी सोनी ने बताया शनिवार रात डेढ़ बजे कालोनी में रहने वाला जोगेंद्र मावी पड़ोसी के घर में कूद गया तथा उसकी 17 वर्षीय पुत्री के साथ जोर जबरदस्ती करने लगा।
किशोरी के शोर मचाने पर उसकी मां की नींद खुल गई। उसने पुत्री को बचाने की कोशिश की तो युवक ने उसके सिर पर डंडा मारकर घायल कर दिया तथा भागने की कोशिश करने लगा। मगर मोहल्ले के लोगों ने उसे दबोच लिया तथा जमकर धुनाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मुरादनगर में शोभापुर सैंथली मार्ग पर रविवार को दिनदहाडे़ बाइक सवार दो बदमाश खेत में काम कर रही महिला से सोने के कुंडल लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों और महिला के बीच हाथापाई भी हुई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।
शोभापुर गांव निवासी मायादेवी पत्नी श्रीभगवान रविवार सुबह खेत पर काम कर रही थी। इसी बीच बाइक सवार दो बदमाश आए और महिला को अकेला देख उससे सोने के कुंडल लूट लिए और भागने लगे।
महिला ने हिम्मत दिखाते हुए एक बदमाश को दबोच लिया और महिला एवं बदमाश के बीच जमकर हाथापाई हुई। इसी बीच दूसरा बदमाश दौड़कर वापस मौके पर पहुंचा और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर महिला को भयभीत कर दिया। इसके चलते महिला की पकड़ से छूटकर बदमाश फरार हो गया।