फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घर में घुसकर प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला

Sun, 01 Jun 2014 12:33 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, गुड़गांव
विज्ञापन
विज्ञापन
गुड़गांव के जमालपुर गांव में देर रात प्रॉपर्टी डीलर के घर में घुसकर दो युवकों ने जानलेवा हमला किया। प्रॉपर्टी डीलर पर दो गोलियां चलाकर युवक फरार हो गए।
विज्ञापन


फायरिंग की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। प्राथमिक जांच में हमले का कारण पुरानी रंजिश सामने आया। घायल प्रॉपर्टी डीलर को गुड़गांव के निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जमालपुर गांव में प्रॉपर्टी डीलर दिनेश कुमार (37) पुत्र ब्रह्मप्रकाश अपने घर में सो रहा था। इस दौरान आधी रात में पड़ोस में रहने वाले दो भाई विपिन और युद्धवीर रिवॉल्वर लेकर उसके घर में घुस गए। उन्होंने रिवॉल्वर से उसके सीने पर गोली दागी। फायरिंग की आवाज सुनकर घर के लोग और पड़ोसी उठ गए।
विज्ञापन


भीड़ को कमरे की तरफ आते देख दोनों आरोपी रिवॉल्वर लहराते हुए फरार हो गए। दिनेश खून से लथपथ बेसुध हालत में मिले। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बिलासपुर थाना पुलिस ने घायल अवस्था में दिनेश को गुड़गांव स्थित आर्वी अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि विपिन से करीब दो साल पहले उसका विवाद हुआ था उसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। दोनों आरोपियों पर इससे पहले कोई आपराधिक मामला अब तक सामने नहीं आया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के अलावा विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।

फरीदाबाद में भी प्रॉपर्टी डीलर पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद के थाना सूरजकुंड क्षेत्र के ग्रीन फील्ड कॉलोनी क्षेत्र में शुक्रवार रात कुछ लोगों ने एक प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में डीलर व उसका बेटा घायल हो गए। पुलिस ने आठ लोेगों के खिलाफ मामला दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है।

डीलर पर हमले के विरोध में परिजनों व समर्थक बिल्डरों ने सेक्टर-21 स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में हंगामा भी किया और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग लेकर पुलिस आयुक्त कार्यालय भी पहुंचे। जिला बिल्डर एवं डीलर एसोसिएशन के उपप्रधान रवि गुप्ता का ग्रीन फील्ड कॉलोनी में प्रॉपर्टी का व्यापार है।

रवि के बेटे प्रतीक गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार रात ऑफिस बंद करके पिता रवि गुप्ता व धर्मचंद्र गर्ग के साथ कार से सेक्टर-37 घर जा रहे थे। इसी दौरान ग्रीन फील्ड कॉलोनी में मदर डेयरी के पास सुंदर भड़ाना अपनी कार से आया और उसने हमारी कार को रोक लिया।

आरोप है कि उस कार में से अन्य लोग भी उतरे और पिता रवि गुप्ता को बाहर खींच कर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जब उसने बचाने की कोशिश की तो उसे भी घायल कर दिया। आरोप है कि हमला करने वालों में विरेंद्र उर्फ बिंदे भड़ाना, उसका बेटा विवेक उर्फ विक्की, अनिल चेची, जितेंद्र, कंवलजीत, माही व सुशील सहगल शामिल थे।

थाना सूरजकुंड पुलिस ने आरोपी सुंदर, विरेंद्र, विवेक उर्फ विक्की, अनिल चेची, जितेंद्र, कंवलजीत, माही व सुशील सहगल के खिलाफ मामला दर्ज कर जितेंद्र, अनिल चेची व उसके अन्य साथी हरीश को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रॉपर्टी डीलर के परिवार को बंधक बनाकर डकैती
दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में शनिवार हथियारबंद बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर के परिवार को बंधक बनाकर डकैती डाली। विरोध करने पर बदमाशों ने परिवार के साथ मारपीट भी की और लाखों रुपये के जेवरात व कैश लूट ले गए। वारदात के बाद आरोपी प्रॉपर्टी डीलर की ही कार लेकर फरार हो गए। खबर मिलने पर जिले के आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस के मुताबिक पीड़ित धर्मेंद्र चावला (40) परिवार के साथ 914, पहली मंजिल मुखर्जी नगर इलाके में रहते हैं। इनके परिवार में चांदनी चावला, एक बेटा और एक बेटी के अलावा बुजुर्ग मां कविता चावला हैं। इनका इलाके में प्रॉपर्टी के अलावा कंस्ट्रक्शन का काम है। शनिवार दोपहर को धर्मेंद्र अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे।

इनकी पत्नी किसी काम से बाजार गई थीं। इस बीच डोर बेल बजाकर छह-सात नकाबपोश बदमाश जबरन उनके घर में घुस गए। बदमाशों ने पिस्टल की नोक पर परिवार के सभी लोगों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने घर वालों से अलमारी की चाबी मांगी। विरोध करने पर उन्होंने थप्पड़ और घूंसों से परिवार पर हमला कर दिया।

बदमाशों ने जबरन अलमारी की चाबी ली और उसमें रखे तीन लाख रुपये कैश तथा करीब 10-12 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए। बाद में बदमाश धर्मेंद्र की ही वैगनआर कार में बैठकर फरार हो गए।

परिवार की मानें तो वारदात के बाद से धर्मेंद्र के दो नौकर फरार हैं। दो दिन पूर्व ही धर्मेंद्र ने बिहार के रहने वालेे राजेश और रंजीत नामक दो युवकों को नौकरी पर रखा था। परिवार ने आशंका जताई है कि उन्हीं लोगों की सूचना और मिली भगत से घर में डकैती हुई। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें