नोएडा के सर्फाबाद गांव में सिगरेट नहीं देने को लेकर हुए झगड़े में दो पक्षों में गोली चल गई। इसमें सेक्टर-27 स्थित अस्पताल का पार्किंग ठेकेदार घायल हो गया। गोली युवक के पेट में लगकर पीठ में जा धंसी। उसको सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना सेक्टर-24 में दी गई शिकायत में कहा गया है कि 23 सितंबर की रात राकेश की किराने की दुकान पर नरेश और सुधीर शराब पीकर पहुंचे और एक ब्रांड की सिगरेट मांगने लगे।
राकेश ने जब महंगी सिगरेट होने से मना किया तो दोनों ने राकेश से मारपीट की। बुधवार सुबह सुधीर, रणपाल, बंटी व लिट्टी की दुकान पर राकेश के भाई वेदराम से बहस हो गई। आवाज सुनकर वेदराम के पिता भीष्म और राकेश भी पहुंच गया।
इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस पर आरोपियों ने तमंचे से फायर कर दिया। एक गोली राकेश को लग गई। पुलिस ने लिट्टी, सतपाल और संजय को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब के अवैध कारोबार का आरोप
भीष्म ने आरोप लगाया है कि लिट्टी, सुधीर, सतपाल और रणपाल गांव में शराब का अवैध कारोबार करते हैं। जिससे गांव शराबियों का अड्डा बन जाते हैं। शराबी महिलाओं से छेड़खानी करते हैं। कुछ समय पहले उनके दूसरे बेटे मुनेष को भी बदमाशों ने गोली मार कर घायल किया था।