जसाना बस अड्डे पर टेंट हाउस चलाने वाले राहुल कुमार पर बृहस्पतिवार देर शाम आठ दस गोलियां चला दीं। अचानक हुए हमले में किसी तरह दुकान में घुस कर उन्होंने जान बचाई तो हमलावरों ने उनकी कार तोड़ डाली और धमकियां देते हुए चले गए। राहुल कुमार के मुताबिक उन पर रेत माफिया ने हमला किया था।
राहुल कुमार की ओर से तिगांव थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक कुछ लोग यमुना नदी से अवैध खनन करते हैं। कुछ दिन पहले पुलिस ने रेत चोरी करने वालों के ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े थे। जिन लोगों के यह ट्रैक्टर-ट्रॉली थे उन्हें शक हो गया कि राहुल ने मुखबिरी कर पुलिस से पकड़वाए थे।
बृहस्पतिवार रात गांव कबूलपुर खादर निवासी जयप्रकाश, कल्लू और कल्लू का साला गांव बदरौला निवासी प्रवीन उसकी दुकान पर आकर गाली गलौज कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ तीन कारों में आए आठ दस अन्य युवक भी उतर कर आ गए। इनमें से कुछ युवकों ने पिस्तौल निकाल कर उन पर तीन फायर किए लेकिन वह बाल बाल बच गए और जान बचाने के लिए दुकान के अंदर जा कर दुबक गए।
इस दौरान हमलावरों ने डंडा, रॉड से उनकी कार को तहस नहस कर डाला। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण इकट्ठा होने लगे तो हमलवार कारों में बैठकर भाग निकले। एसएचओ तिगांव ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।