नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात घने कोहरे के कारण एक ट्राला दीवार से टकरा गया। टक्कर लगते ही ट्रॉले में आग लग गई। इसकी चपेट में आने से ट्रॉला चालक की मौत हो गई। हादसे की सूचना किसी राहगीर ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया और शव को बाहर निकाला।
सेक्टर सात पुलिस चौकी के इंचार्ज बदन सिंह ने बताया कि मंगलवार की देर रात करीब 1:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि नेशनल हाईवे पर सेक्टर छह के पास एक ट्रॉले में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ वह मौके पर पहुंच गए। आग की सूचना फायर बिग्रेड को भी दी गई।
कुछ देर बाद ही फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने के लिए पानी से तेज बौछार की गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझी। आग बुझने के बाद जब ट्रॉले की तलाशी ली गई तो ड्राइवर का शव झुलसी हुई अवस्था में केबिन में पड़ा था।
जिसे बाहर निकालकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। ट्रॉले के नंबर और दस्तावेज के आधार पर ट्रॉले का रजिस्ट्रेशन पंजाब के फतेहगढ़ जिला स्थित डीटीसी ट्रांसपोर्ट का पाया गया। इसकी सूचना ट्रांसपोर्टर की दी गई। उसने ट्रॉला चालक की पहचान विनोद की रूप में की है। वह सेक्टर छह स्थित कल्पना फोर्जिंग कंपनी में सामान छोड़कर लौट रहा था। आग की वजह का पता नहीं चल सका र्है।