मेवात के नगीना में रात के समय एक झोपड़ी में लगी आग से किसान की एक भैंस जलकर मर गई तथा किसान का अन्य सामान जलने से उसे भारी नुकसान हुआ। किसान ने पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत की है। जिस पर खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया है।
नगीना गांव निवासी तैयब गांव से दूर खेतों में झोपड़ी डालकर रहता है। एक झोपड़ी में उसकी भैंस व कटड़ा तथा गेहूं की टंकी व अन्य सामान रखा हुआ था तथा दूसरी झोंपड़ी में उसका परिवार रहता है। शुक्रवार की रात करीब 1 बजे अचानक उस झोंपड़ी में आग लग गई, जिसमें वह अपनी भेंस को बांधता है।
आग इतनी तेजी से लगी कि भैंस को नहीं बचा पाया। जिसके कारण भैंस व उसका कटड़ा जिंदा जल गए। साथ ही झौंपड़ी में रखी अनाज की टंकी का गेहूं भी जल गया। इस घटना में किसान को काफी नुकसान हुआ है।
पीड़ित किसान ने पुलिस को शिकायत दी है कि न तो उसके घर के पास से कोई बिजली की लाईन जाती है और न ही इतनी रात में कोई पटाखा चलाएगा। किसी ने जानबूझकर उसकी झोंपड़ी में आग लगाई है। उसने आरोप लगाया कि आग को बुझाने के लिए उन्होंने तुंरत फायर ब्रिगेड़ को फोन किया था, जो सुबह तक भी मौके पर नहीं पहुंची।
जिसके कारण उसे भारी नुकसान हुआ है। वहीं नगीना थाना प्रभारी शमशेर सिंह का कहना है कि शिकायत मिल गई है, घटनास्थल पर जाकर जांच की जाएगी और मुकदमा दर्ज कर कार्यवाई की जाएगी।