गांव सीकरी में पंचायती जमीन पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव करने के मामले में सदर थाना पुलिस ने नायब तहसीलदार की शिकायत पर 10 महिलाओं सहित करीब 65 लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने व पथराव करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
दरअसल, रविवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सीकरी में ग्राम पंचायत की करीब दो हजार स्वायर फीट जमीन पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के लिए प्रशासनिक दस्ता गया था। मौके पर पहुंचे एसडीएम पार्थ गुप्ता, बीडीपीओ उपमा अरोड़ा, तहसीलदार बिजेंद्र राणा व नायब तहसीलदार कन्हैया लाल भारी पुलिस बल के साथ मौजूद थे। टीम ने यहां अवैध रूप से बने एक धार्मिक स्थल को हटाया। जिसके बाद पंचायती जमीन पर बने चार रिहायशी मकानों को तोड़ा गया।
इसी दौरान उपद्रवियों ने अर्थमूवर के चालक सहित प्रशासन पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव से तीन पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई। हालात को काबू करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। जिसमें एक ग्रामीण भी घायल हो गया। मामले की जांच कर रहे एएसआई कप्तान सिंह ने बताया कि नायब तहसीलदार कन्हैया लाल की शिकायत पर करीब 65 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इनमें से पांच आरोपी संजय उर्फ अब्बास, शहजाद, कमल खान, बहादुर खान व साबूदीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।