एनटीपीसी चौकी में सीआईएसएफ ने अपने बर्खास्त सिपाही का सरकारी मकान से कब्जा हटाने के लिए पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि सीआईएसएफ का बर्खास्त सिपाही भुवनेश कुमार एनटीपीसी परिसर स्थित सीआईएसएफ कॉलोनी में आवास संख्या एसए 96 में परिवार के साथ रहता है।
आरोप है कि उसने एनटीपीसी प्लांट से निकलने वाली राख की सप्लाई के लिए अपने रिश्तेदारों की गाड़ियों को लगा रखा था। उसने पद का दुरुपयोग कर बिना गेट पास के गाड़ियों को प्लांट से बाहर निकलवाने का प्रयास किया।
विभागीय जांच में आरोप सहीं पाए जाने पर भुवनेश को बर्खास्त कर दिया गया। मामले में भुवनेश कुमार न्यायालय चला गया। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। बर्खास्त होने के बाद से विभाग उसे परिसर स्थित मकान खाली करने के लिए नोटिस भेज रहा है।
मकान खाली नहीं करने पर विभाग की तरफ से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। एनटीपीसी चौकी प्रभारी अविनाश त्यागी ने बताया कि सीआईएसएफ कमांडेंट की ओर से दी गई शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर मकान खाली कराया जाएगा।