बाइक सवार तीन बदमाशों ने दो युवकों से मारपीट कर नकदी व मोबाइल छीन लिया। पीड़ित युवकों की शिकायत पर थाना सेक्टर-10 पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से यूपी के जिला बुलंदशहर के गांव खालौर निवासी अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अंजना कॉलोनी में किराये के मकान में रहता है। सेक्टर-37 स्थित एक कंपनी में नौकरी करता है। शुक्रवार की रात ड्यूटी करके कंपनी से अमित अपने दोस्त के साथ पैदल ही अपने कमरे पर जा रहा था।
दोनों कुछ ही दूर पहुंचे थे कि एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके पास आए और उन दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने उन दोनों से नकदी व मोबाइल छीन लिया।
विरोध करने पर दोनों को पत्थर से भी मारा। शोर सुनकर कुछ लोग उनकी तरफ दौड़े, जिन्हें आता देखकर तीनों बदमाश अपनी बाइक को मौके ही छोड़कर फरार हो गए।