त्योहारों के मौसम में एक बार फिर त्रिलोकपुरी इलाके में मामूली बात पर बवाल हो गया। दरअसल क्रिकेट खेलने के दौरान एक युवक को बॉल लगने के बाद हुई नोक-झोंक शनिवार रात को बवाल में तब्दील हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि घटना को सांप्रदायिक रंग ले लिया। दोनों समुदायों के बीच जमकर पथराव हुआ। खबर मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
हल्का बल प्रयोग कर दोनों समुदायों को खदेड़ दिया गया। बवाल में आधा दर्जन लोगों को चोट लगी हैं। फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है।
हालात को देखते हुए लोकल पुलिस के अलावा अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है।
मयूर विहार थाने में पुलिस बलवा करने का मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। शनिवार दोपहर को त्रिलोकपुरी 32-ब्लॉक में कुछ लड़के शर्त लगाकर क्रिकेट खेल रहे थे।
बॉल लगने से बढ़ा विवाद
trilokpuri
मैच पर जुआ भी लगा हुआ था। इस बीच खेल के दौरान एक युवक को बॉल लग गई। इसी बात पर नोक-झोंक हो गई। कहासुनी के दौरान दोपहर के समय मामले को शांत करा दिया गया।
इस बीच मैच के बाद शाम के समय जीतने वाली टीम के कुछ लड़के शर्त के रुपये लेने पहुंचे। आरोप है कि हारने से चिढे़ बैठे लड़कों ने आए हुए लड़कों पर हमला कर दिया। मारपीट बढ़ी तो कुछ लोगों ने इसे सांप्रदायिक रंग दे दिया।
दोनों समुदाय आमने-सामने आ गए। 32 ब्लॉक में दोनों ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया। खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हल्का बल प्रयोग कर लोगों को खदेड़ दिया गया।
देर रात को स्थिति पर पाया काबू
देर रात को स्थिति पर काबू पा लिया गया। रविवार को दिनभर इलाके में तनाव रहा। इधर, मामले की छानबीन कर रही पुलिस ने बताया कि बवाल में जयराम नामक शख्स जख्मी हुआ था।
उसे भी इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर छानबीन की जा रही है। रविवार को तनाव के बीच अमन कमेटी ने सभी समुदायों के लोगों के साथ बैठकर तनाव को कम करने की कोशिश की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दिन भर त्रिलोकपुरी इलाके में डेरा डाले रखा।
बता दें कि करीब दो साल पूर्व दीपावली से पहले त्रिलोकपुरी इलाके में ही माता की चौकी लगाने को लेकर हुए विवाद में दो समुदायों में बवाल हो गया था। जिसके बाद करीब 50 दिन तक इलाके में कर्फ्यू की स्थिति रही थी।