शनिवार देर रात नशे में धुत एक कलयुगी पिता ने अपनी दो बेटियों के सिर में ईंट मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के दौरान जब उसकी पत्नी ने दोनों बेटियों को बचाना चाहा तो आरोपी ने उसकी भी पिटाई कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चियों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पुलिस ने डॉक्टरों की बोर्ड से दोनों बच्चियों के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मूल रूप से सीतामढ़ी बिहार निवासी मुकेश यादव अपने परिवार के साथ गुरुग्राम के पालम विहार के क्यू ब्लॉक में रहता है।
वह क्षेत्र में पत्थर घिसाई का काम करता है। उसकी पत्नी सोनम घर पर ही रहती है। उसके 4 बच्चे हैं। मुकेश शराब पीने का आदी है, जिसके चलते पति पत्नी की अक्सर लड़ाई होती रहती थी। शनिवार को वह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा।