ढाबा मालिक और बेटे की हत्या, फोटो में बेटा मयंक
- फोटो : अमर उजाला
नजफगढ के नंगली सकरावती मोड़ के पास स्थित एक ढाबे में कूलर चलाने को लेकर हुई मामूली कहासुनी के बाद बदमाशों ने ढाबा मालिक और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी।
ढाबा मालिक की मौके पर मौत हो गयी जबकि बेटे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान गोपाल नगर नजफगढ निवासी करीम खान के रूप में हुई है।
पुलिस पकड़े गये बदमाश के निशानदेही पर उसके अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है। नजफगढ थाना पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
संगीता नाम से ढाबा चलाता था
ढाबा मालिक और उसका पुत्र (फोटो में बाएं से दाएं)
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस के अनुसार आनंद विहार कॉलोनी निवासी श्याम वर्मा नंगली सकरावती मोड़ पर संगीता नाम से ढाबा चलाता था। बेटा मयंक काम में उसकी मदद करता था। बुधवार रात नौ बजे दो बाइक पर सवार चार लोग ढाबे पर पहुंचे। इन लोगों ने तीन प्लेट दाल और 12 रोटी का आर्डर दिया। चारों बैठकर खाना आने का इंतजार करने लगे।
इसी दौरान एक बदमाश वहां लगे कूलर को यह कहते हुए अपनी तरफ करने लगा कि काफी गर्मी लग रही है। इस पर मयंक ने उस युवक से कहा कि वह कूलर को अपनी तरफ न करें इससे अन्य ग्राहकों को दिक्कत होगी।
यह सुनते ही युवक मयंक से झगड़ा करने लगा। इसी दौरान उसके तीन सहयोगी उसे गोली मारने के लिए उकसाने लगे। युवक ने मयंक पर गोली चला दी। गोली लगते ही मयंक नीचे गिर गया।
मयंक ने बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया
ढाबा जहां घटी घटना
- फोटो : अमर उजाला
गोली की आवाज सुनकर श्याम वर्मा काउंटर से उठकर उसकी ओर गया। गोली चलाने के बाद बदमाश वहां से भाग रहे थे। जिसे श्याम बाबू ने पकड़ने का प्रयास किया। बदमाश ने श्याम बाबू के उपर भी गोली चला दी।
ताबड़तोड़ गोली चलते ही ढाबे में अफरा-तफरी मच गयी और सभी ग्राहक वहां से भागने लगे। इसी बीच सभी बदमाश वहां से फरार हो गये। किसी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने गोली लगने से घायल पिता-पुत्र को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने श्याम बाबू को मृत घोषित कर दिया। वहीं मयंक ने बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जांच के दौरान पुलिस को मौके से बदमाशों की एक बाइक मिली।
जिसके जरिए पुलिस ने वारदात में शामिल करीम खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि करीम खान के जरिए अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।