फरीदाबाद के सेक्टर-16 में व्यापारी की आखों में मिर्च झोंक कर 70 हजार रुपये और लैपटॉप लूटने वाले तीन बदमाशों को सीआईए बड़खल ने सोमवार रात मोहना पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। वारदात को पांच बदमाशों ने अंजाम दिया था। जिसमें से दो बदमाश अभी सीआईए की पकड़ से बाहर हैं।
बल्लभगढ़ में बालाजी प्रापर्टी डीलर की दुकान पर कमीशन पर काम करने वाले मनोज, नीरज व रोहताश ने मिलकर सेक्टर-16 में रहने वाले व्यापारी ललित से लूट करने की योजना बनाई।
यह भी पढ़ें:सुसाइड नोट में लिखा, 'SDO ने कहीं का नहीं छोड़ा'
तीनों को जानकारी मिली थी कि ललित का व्यापार काफी अच्छा चल रहा है। उसकी रोजाना लाखों की आय होती है। तीनों ने लूट की योजना में महेन्द्र व पुनीत को भी शामिल किया। मनोज मूल रूप से अलीगढ़ के सिवाह गांव का रहने वाला है। जबकि रोहताश खादर के सोलड़ा गांव व नीरज नंगला एंक्लेव का रहने वाला है।
इसके अलावा लूट में शामिल दो अन्य आरोपी महेन्द्र ओल्ड फरीदाबाद व पुनीत खेड़ी करनाल का रहने वाला है। पांचों योजना बनाकर पांच जून को सेक्टर-16 पहुंच गए। जहां पर उन्होंने ललित की आखों में मिर्च झोंक कर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें:मां के सामने डीयू छात्रा से अश्लील हरकत
आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए एक स्कूटी व मोटरसाईकिल पर सवार होकर गए थे। लेकिन बिना नंबर प्लेट स्कूटी वहीं छूट गई। लेकिन सुराग इसी के जरिए लगा। सीआईए बड़खल के सदस्यों के अनुसार मनोज, महेन्द्र व पुनीत को कोर्ट में पेश करके एक दिन की रिमांड पर ले लिया गया है। जबकि रोहताश व नीरज की तलाश की जा रही है।