दक्षिण-पूर्व जिले के स्पेशल सेल स्टाफ ने सामाजिक कार्यकर्ता शबनम हाशमी को मुठभेड़ में मारने की धमकी देने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दिल्ली पुलिस के लाजपतनगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर बनकर सामाजिक कार्यकर्ता को धमकी दी थी।
41 वर्षीय आरोपी शादी नहीं होने की वजह से महिलाओं को फोनकर अपनी भड़ास निकालता था। आरोपी के दोनों पैर पोलियो से ग्रस्त हैं। उसकी दिमागी हालत भी ठीक नहीं बताई जा रही है।
दक्षिण-पूर्व जिला डीसीपी रोमिल बानिया ने बताया कि द्वारका निवासी सामाजिक कार्यकर्ता शबनम हाशमी जैतपुर इलाके में अपना पहचान नाम से एनजीओ चलाती हैं। हाशमी ने डीसीपी रोमिल बानिया व गृहमंत्री को दी शिकायत में कहा था कि उसके यहां मुबिना काम करती है।
arresting
मुबिना ने 14 जुलाई को बताया कि एक व्यक्ति खुद को लाजपतनगर थाने में तैनात दिल्ली पुलिस का सब-इंस्पेक्टर बनकर उसे धमका रहा है और उससे अश्लील बातें करता है।
शबनम ने जब उस नंबर पर फोन किया तो आरोपी ने खुद को दिल्ली पुलिस का लाजपत नगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर बताया। आरोपी ने उससे अभद्र भाषा में बात की और उसे मुठभेड़ में मारने की धमकी दी।
शिकायत मिलने पर ऑपरेशन सेल एसीपी केपी सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह, एसआई योगेश कुमार, अजय कटेवा, योगेश तंवर व परवेज कसाना की विशेष टीम बनाई गइ।
इस टीम ने आरोपी हरेंद्र मलिक (41) को बुधवार को उसके घर गली नंबर-7, उत्तरांचल कॉलोनी, गाजियाबाद, यूपी से गिरफ्तार कर लिया। हरेंद्र मूलरूप से गांव अदामपुर, थाना भोराकलां, जिला शामली, यूपी का रहने वाला है। पुलिस ने वारदात में प्रयोग किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
मोबाइल में ज्यादातर महिलाओं के नंबर
आरोपी जिस मोबाइल नंबर से महिलाओं को फोन करता था वह मोबाइल नंबर उसके पुराने कर्मचारी का है। मोबाइल में ज्यादातर महिलाओं के नंबर हैं। ये रात के समय शराब पीकर महिलाओं को फोन कर अश्लील व अभद्र बातें करता था।
अगर कोई महिलाओं उसका विरोध करती थी तो वह पुलिस अफसर बनकर उन्हें धमकाता था। बीए में पढ़ाई छोड़ चुका आरोपी वर्ष 2000 में दिल्ली आया था। यह सिलाई की मशीनों का एक्सपर्ट बताया गया है।