शहर में मानव अंग तस्करों के सक्रिय होने की सूचना ने गुरुग्राम पुलिस की नींद उड़ा दी है। मंगलवार को सदर थाना पुलिस ने मेदांता अस्पताल के डॉक्टर की शिकायत पर मानव अंग तस्करी होने की आशंका का मामला दर्ज किया।
मेदांता के न्यूरोसाइंस विभाग के डॉक्टर अब्दुल मुनीम के नाम से फर्जी फेसबुक एकाउंट बनाकर लोगों को किडनी व अन्य मानव अंग 4.5 लाख यूएस डॉलर (करीब 2.88 करोड़) में बेचने के लिए संपर्क करने को कहा जा रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार डॉ. अब्दुल मुनीम मेदांता अस्पताल में न्यूरोसाइंस विभाग में कार्यरत हैं। करीब एक महीने पहले वह फेसबुक देख रहे थे कि वहां उन्हें 4.5 लाख यूएस डॉलर में किडनी खरीदने से संबंधित एक पेज दिखाई दिया। इस पर उन्होंने क्लिक कर देखा तो पाया कि उनके नाम पर फेसबुक पेज बनाया गया था।
मेदांता अस्पताल के नाम के साथ-साथ उनकी फोटो व जानकारी भी फेसबुक पर अस्पताल की वेबसाइट से लेकर अपडेट की गई थी। इसमें एक व्यक्ति द्वारा ईमेल आईडी व मोबाइल नंबर अपडेट कर इच्छुक व्यक्ति से संपर्क करने को कहा गया।
medanta
डॉ. अब्दुल मुनीम ने डीसीपी क्राइम को शिकायत देकर उनके नाम का गलत इस्तेमाल करने व मानव अंग तस्करी होने की आशंका जताई। उन्होंने शिकायत में कहा कि वह प्रतिष्ठित अस्पताल में डॉक्टर हैं और उनके पास देश ही नहीं विदेशों से भी मरीज इलाज के लिए समय लेकर आते हैं।
ऐसे में उनके नाम पर चल रहे अकाउंट का दुरुपयोग हो सकता है। पुलिस ने मामले को जांच के लिए साइबर सेल में भेज दिया। साइबर सेल में जांच के दौरान मामला सही पाए जाने पर पुलिस ने इसे सदर थाना पुलिस को भेज दिया। मंगलवार को मामला दर्ज कर लिया गया है।
मेदांता अस्पताल के डॉक्टर ने फर्जी फेसबुक आईडी तैयार करने का मामला दर्ज कराया है। इस आईडी के जरिए मानव अंग को खरीदे जाने की बात कही गई है। साइबर सेल की जांच में फर्जी आईडी की बात सामने आई है। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है कि इस आईडी का प्रयोग किस तरह के कार्य के लिए होता था। - संदीप खिरवार, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम