दादरी के भाजपा नेता विजय पंडित की हत्या का आरोपी अखिलेश उर्फ अन्नी शुक्रवार को पुलिस कर्मियों को बेहोश कर फरार हो गया। उसे जिला न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
अन्नी मुख्य रूप से सुंदर भाटी गैंग का शूटर है और उसने सुपारी लेकर कई हत्याएं की हैं। शुक्रवार को विजय पंडित हत्याकांड में ही उसकी पेशी थी। इस दौरान अलीगढ़ से हेड कांस्टेबल प्रेमदत्ता, कांस्टेबल प्रताप सिंह और कांस्टेबल दिलीप कुमार बस और ऑटो के माध्यम सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय में पेशी पर लाए थे।
यहां सुनवाई के बाद तीनों पुलिसकर्मी अन्नी को ऑटो से अलीगढ़ ले जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे खाना खाने के लिए वह कृतिका ढाबा पर रुके। इस दौरान पीछे से मोटरसाइकिल सवार अन्नी का साथी मिठाई लेकर पहुंच गया। मिठाई खाते ही पुलिसकर्मी बेहोश होने लगे।
मौका पाकर अन्नी हथकड़ी सहित फरार हो गया। ढाबा संचालक ने तीनों पुलिसकर्मियों को बेहोश होते देखकर ग्रेटर नोएडा थाना पुलिस को सूचित किया। जिला पुलिस ने सर्च आपरेशन शुरू कर दिया है। वहीं, तीनों पुलिसकर्मियों को ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ हिरासत में कैदी के फरार होने का मामला दर्ज किया गया है।