वसंत कुंज इलाके में फेसबुक के माध्यम से एक युवती से दोस्ती कर उससे ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने गिफ्ट भेजने का बहाना कर युवती से एक अकाउंट में 65 हजार रुपये डलवा लिया। दुबारा रुपये की मांग करने पर पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ और उसने आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता सपरिवार जहांगीरपुरी में रहती है। वह वसंत कुंज इलाके में एक निजी कंपनी में काम करती है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि दस दिन पहले रेमंड विल्सन नाम के एक युवक से उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुयी। उसके बाद युवक उससे चैट पर बातचीत करने लगा। कुछ दिन बाद युवक ने एक गिफ्ट भेजने की बात कही।
साथ ही युवक ने बताया कि उसे गिफ्ट लेने के लिए 65 हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। युवती ने हामी भर दी। इसी बीच एक कुरियर कंपनी से युवती के पास एक फोन आया और उसे बैंक के एक अकाउंट नंबर में 65 हजार रुपये जमा करने के लिये कहा। युवती ने रुपये जमा करवा दिये।
इसके बावजूद पीड़िता को गिफ्ट नहीं मिला। कुछ दिन बाद युवती से दुबारा 1.99 लाख रुपये अकाउंट में जमा करने के लिए कहा गया। पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ और उसने थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की तकनीकी आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।