वेलकम इलाके में शादी की बारात के दौरान गोली चलाने से युवक की मौत व दो लोगों के घायल होने की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में पूर्व सेनाकर्मी को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव दस्तुरा, काकोड़, बुलंदशहर निवासी राजेश कुमार (43) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी डबल बैरल हॉफ गन, एक कारतूस व खोखा बरामद हो गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बंदूक को कवर में रखने के दौरान गलती से उससे गोली चली। पुलिस की मानें तो राजेश ने सेना से त्यागपत्र देने के बाद डिफेंस सिक्योरिटी कोर, जाट रेजीमेंट, मेरठ में सिपाही की नौकरी शुरू कर दी थी।
पुलिस उपायुक्त डॉ. अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि 30 नवंबर को वेलकम में दुर्गापुरी चौक में हिमांशु ऑटो स्पेयर पार्ट्स के बाहर से गुजर रही बारात में डटसन कार से किसी ने गोली चलाई। इससे शाहआलम और शारिक घायल हो गए थे। जबकि भानू प्रताप की मौत हो गई।