शनिवार देर रात ड्यूटी से लौट रहे एस्कॉट्र्स कंपनी के कर्मचारी डी राजेश को तीन बदमाश गोली मार कर उनकी कार लूट ले गए। सेक्टर 82 स्थित पार्क ग्रेंड्यूरा के पास हुई लूट की वारदात में गंभीर रूप से घायल राजेश को सिक्योरिटी गाड्र्स ने निजी अस्पताल पहुंचाया और पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी।
सिक्योरिटी गार्ड की तहरीर पर पुलिस ने तीन बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमला कर कार लूटने का केस दर्ज किया है। पुलिस घायल राजेश का बयान लेने के लिए उनके स्वस्थ होने का इंतजार कर रही है।
तिगांव का रहने वाला नरेंद्र सिक्योरिटी एजेंसी में काम करता है। शनिवार रात उसकी ड्यूटी गार्ड अंकित के साथ सेक्टर 82 ग्रेंड्यूरा पार्क स्थित सोसायटी में लगी हुई थी।
नरेंद्र के मुताबिक वह दोनों सोसायटी की गेट पर ड्यूटी कर रहे थे। उन्होंने देखा कि मास्टर रोड से पार्क गे्रंड्यूरा मोड़ पर एक कार खड़ी है और तीन युवक बाहर खड़े होकर बात कर रहे हैं। थोड़ी देर में उसने गोली चलने की आवाज सुनी।
इस दौरान एक आदमी ने आकर बताया कि एक व्यक्ति पार्क मोड़ पर पड़ा तड़प रहा है। इस पर नरेंद्र और अंकित वहां पहुंचे और 100 नंबर पर फोन कर सूचना दी। लहूलुहान व्यक्ति ने अपना नाम डी राजेश निवासी फ्लैट नंबर क्यू 1104 बताया। राजेश ने बताया कि तीन आदमी गोली मार कर उसकी कार छीन ले गए हैं।
इस दौरान उधर से गुजर रहे रहे बीपीटीपी गश्त वाहन को रोक कर दोनों ने राजेश को उसमें लिटाया और सर्वोदय अस्पताल पहुंचाया। खेड़ी चौकी इंचार्ज ने बताया कि डॉक्टरों ने रविवार को ऑपरेशन कर राजेश के सीने के नीचे लगी गोली निकाल ली है, उनकी हालत स्थिर है घटना के संबंध में उनके बयान दर्ज किए जाने हैं।
एसएचओ भूपानी इंस्पेक्टर सुरेश भड़ाना ने बताया कि केस दर्ज कर कार लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है। उनके भागने के संभावित रास्तों की निगरानी बढ़ा दी गई है।