शाहदरा जिले के कृष्णा नगर इलाके में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर साढ़े 11 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने 20 लाख रुपये लेकर कानपुर में दाखिला कराने का झांसा दिया था।
विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने पीड़िता को नकली एडमिशन स्लिप भी दी, जिसके बाद परिवार ने रुपये दे दिए। रुपये हड़पते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने पुलिस से मामले की शिकायत की।
छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की एक टीम लखनऊ भी जाएगी। परिवार ने पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मुहैया करवाई है, जिसमें ठग रुपये लेते दिखाई दे रहे हैं। उसके आधार पर कृष्णा नगर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
कानपुर के कॉलेज में दाखिले का दिया झांसा
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता यामिनी (19) परिवार के साथ शंकर नगर विस्तार, कृष्णा नगर में रहती है। 12वीं कक्षा में यामिनी के नंबर कम आए थे। वह एमबीबीएस में दाखिला लेना चाहती है। पिछले दिनों यामिनी के पिता नारायण चंद्र राय का आदित्य नामक युवक से संपर्क हुआ।
आदित्य ने यामिनी के पिता को दाखिला दिलाने का झांसा दिया। उसने बताया कि 20 लाख रुपये में कानपुर के कॉलेज में दाखिला मिल जाएगा। नारायण का विश्वास जीतने के लिए पिता-पुत्री को लखनऊ के बापू भवन में किसी अधिकारी से मिलवाया गया।
यामिनी से उसके कागजात की फोटो कॉपी लेकर उसे एडमिशन स्लिप भी दे दी गई। एडवांस में नारायण ने दिल्ली के नेहरू प्लेस में अपने जीजा की दुकान पर आदित्य को 11.50 लाख रुपये दे दिए। रुपये लेकर आरोपी रफूचक्कर हो गए।