महरौली के छतरपुर इलाके में स्थित फार्म हाउस में लूटपाट करने वाले बदमाशों ने व्यवसायी की गला दबाकर हत्या कर दी। वहीं उनके माता-पिता को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया।
लेकिन उन्होंने बेहोशी का नाटक कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने गार्ड व अन्य लोगों की मदद से लूटपाट कर भागे रहे सभी पांच बदमाशों को दबोच लिया। उनके कब्जे से लूटी गई ज्वेलरी और मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रोहन गुप्ता (38) फार्म हाउस नंबर-तीन, पीपल ड्राइव डीएलएफ छतरपुर में पिता कृष्णा कुमार गुप्ता व माता के साथ रहते थे।
उनका नोएडा में होजरी का व्यवसाय था। माता-पिता ग्राउंड फ्लोर और रोहन गुप्ता पहली मंजिल पर रहते थे। बुधवार रात को करीब पांच बदमाश फार्म के पीछे से किचन के जरिये अंदर घुसे।
हाथ-पैर बांधकर सुंघा दिया क्लोरोफार्म
फार्महाउस
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने पहले रोहन के माता-पिता को क्लोरोफार्म (नशीला पदार्थ) सुंघा दिया। लेकिन उन्होंने बेहोश का नाटक किया। इसके बाद तीन बदमाश पहली मंजिल पर गए और रोहन गुप्ता को पकड़ लिया।
उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसे भी क्लोरोफार्म सुंघा दिया। इसके बावजूद रोहन बेहोश नहीं हुआ और बदमाशों का विरोध करने लगा। गुस्साए बदमाशों ने व्यवसायी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद लूटपाट करने के बाद भागने लगे तो रात करीब साढ़े बजे इसकी सूचना एक पड़ोसी ने पुलिस को दी।
पुलिस ने डीएलफ फार्म के चारों तरफ से गेट बंद करवा दिए। इसके चलते बदमाश भाग नहीं सके। पुलिस ने गार्ड व स्थानीय लोगों की मदद से पांचों बदमाशों को पकड़ लिया।
बदमाशों ने रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
इनकी पहचान अजय कुमार (18), विपिन कुमार (22), शिवनाथ साहनी (20), श्यामबाबू (29) और विनोद साहनी उर्फ लंगड़ा (38) के रूप में हुई। सभी बदमाश मुजफ्फरपुर, बिहार के रहने वाले हैं।
वे कुछ दिन पहले ही बिहार से दिल्ली आए थे। दिल्ली पुलिस को आशंका है कि व्यवसायी के किसी जानकार ने ही बदमाशों के लिए मुखबिरी की है। तभी बदमाश आसानी से फार्म हाउस के अंदर घुस गए।
बदमाशों ने रेकी कर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस पोस्टमार्टम कराकर व्यवसायी का शव परिजनों को सौंप दिया है। महरौली थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।