कल्याणपुरी इलाके के खिचड़ीपुर मेन मार्केट में किराना कारोबारी को लूटने आए बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से कारोबारी पिता-पुत्र समेत चार लोग जख्मी हो गए।
अचानक चली गोलियों से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। लोगों ने हिम्मत दिखाकर बदमाशों पर पथराव कर दिया। मौके से लूटपाट कर भाग रहे आधा दर्जन बदमाशों में से एक को भीड़ ने बाइक समेत पकड़ लिया।
बदमाश की जमकर पिटाई लगाने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान कार्तिक (23) के रूप में हुई है। बदमाश से एक बाइक, दो पिस्टल व एक कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस ने घायल कारोबारी भोमराज, उसके बेटे मोहित, एक राहगीर अशोक व एक अन्य को एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
भीड़ ने बहादुरी का परिचय देकर एक बदमाश को दबोचा
Firing
- फोटो : Demo Pic
पुलिस के मुताबिक, खिचड़ीपुर मेन मार्केट में भोमराज की किराने की थोक की दुकान है। रविवार शाम 5.00 बजे पिता-पुत्र दुकान पर मौजूद थे। इसी बीच बाइक सवार आधा दर्जन नकाबपोश बदमाश दुकान पर पहुंचे।
बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर दोनों से लूटपाट शुरू कर दी। वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया तो बदमाशों ने गोलियां बरसाना शुरू कर दी। बदमाश गोली चलाते हुए बाहर भागे।
गोली भोमराज, मोहित व दुकान पर खड़े अशोक को लगी। वहीं हवाई फायरिंग के दौरान छत पर खड़ा एक अन्य शख्स भी जख्मी हो गया। वहां से भाग रहे बदमाशों में से एक को किसी राहगीर ने कार से उसकी बाइक पर टक्कर मार दी जिससे वह गिर गया और लोगों ने बदमाश दबोच लिया।
जबकि बाकी पांच बदमाश मौके से माल समेत फरार हो गए। पुलिस पकड़े गए आरोपी कार्तिक से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने डकैती का मुकदमा दर्ज कर बाकी आरोपियों की पहचान भी कर ली है। कई टीमें उनकी तलाश में लगा दी गई हैं।