दिल्ली के महरौली थाना क्षेत्र में रहने वाली डीयू की छात्रा से शनिवार को एक युवक ने दुष्कर्म किया। बताया गया है कि फोन पर दोस्ती करने के बाद युवक ने छात्रा से मिलना-जुलना शुरू किया।
युवती के भाई के विरोध करने पर शनिवार आरोपी धोखे से छात्रा को गाजियाबाद स्थित अपने कमरे पर ले गया और वारदात को अंजाम दिया और उसके भाई को युवती की हत्या करने का गलत एसएमएस कर दिया।
देर रात घर पहुंचकर युवती ने परिजनों को आपबीती बताई। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
डेढ़ साल पहले रांग कॉल से हुई थी दोस्ती
पुलिस के मुताबिक 24 वर्षीय सरला (बदला हुआ नाम) डीयू पत्राचार से ग्रेजुएशन कर रही है। करीब डेढ़ साल पहले उसके मोबाइल पर एक अनजान युवक का फोन आया। बातचीत के बाद दोनों की दोस्ती हो गई।
युवक ने अपना नाम गजरौला निवासी अनिल शर्मा (27) बताया। उसने बताया कि वह टाटा मोटर्स में नौकरी करता है। एक महीने बाद अनिल ने सरला से मिलना-जुलना शुरू कर दिया।
बताया गया है कि एक दिन सरला घर में अकेली थी। अनिल उससे मिलने वहां पहुंच गया। इस दौरान सरला का भाई घर आया और अनजान युवक को घर में देखकर उससे दोबारा घर न आने की बात कही। उसने सरला को भी ऐसा करने से मना किया।
छात्रा की हत्या करने की दी गलत जानकारी
इस बीच 10 जुलाई को अनिल ने सरला के मोबाइल पर फोन कर प्यार का इजहार किया और उससे मिलने की बात कही। शनिवार को अनिल ने सरला को वैशाली मेट्रो स्टेशन बुलाया।
आरोप है कि अनिल उसे विजय नगर स्थित अपने किराये के घर में ले गया और वहां डरा-धमकाकर सरला से दुष्कर्म किया। बाद में सरला के मोबाइल से उसके भाई को मैसेज भेजकर छात्रा की हत्या करने की गलत जानकारी दी।
मैसेज मिलने के बाद परिजन परेशान हो गए। उन्होंने सरला की तलाश शुरू की। इस बीच देर रात सरला घर पहुंची और उसने सारी बात परिजनों को बताई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।