हाईस्कूल में बार-बार फेल हो रही बेटी को पढ़ाई के लिए जोर डालने पर भड़की बीवी पति के खून की प्यासी बन गई। युवा बेटी संग मिलकर महिला ने पहले पति की आंखों में मिर्च मिला पानी फेंका, फिर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।
अचानक वार से बदहवास पति लहूलुहान हालत में जान बचाकर भागा। सुनसान जगह रात काटने के बाद रविवार सुबह सरकारी अस्पताल पहुंचा। मामले में परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
घटना शनिवार देर रात टिहरी गढ़वाल में पट्टी दोगी के ग्राम लोडसी में हुई। बताया जा रहा है कि पेशे से चालक वीरेंद्र कुमार (40) पुत्र स्वर्गीय बालीराम रात अपने घर पहुंचा।
हाथ-मुंह धोने के बाद खाना खाने की तैयारी कर रहा था, तभी पत्नी और 19 साल की बेटी ने मिर्च घुला पानी उसकी आंखों में झोंक दिया।
लहूलुहान पति ने भागकर बचाई जान
वीरेंद्र ने बताया जब तक वह संभलता उसकी बीवी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए वार से वीरेंद्र के दोनों पांव बुरी तरह जख्मी हो गए। गले पर किया प्रहार हाथ से रोककर वीरेंद्र वहां से भागा।
वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि जंगल के रास्ते करीब डेढ़ किमी भागने के बाद वह गूलर पहुंचा। यहां एक बंद दुकान के बाहर रात गुजारी। रविवार सुबह सूचना पर 108 सेवा ने जख्मी हालत में उसे ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
मुनिकीरेती थाने के प्रभारी निरीक्षक गणेश सिंह सामंत ने बताया कि घायल की ओर से पत्नी और बेटी पर जानलेवा हमला करने की तहरीर दी गई है। मामला पारिवारिक है। फिलहाल पड़ताल की जा रही है।
छोटी सी खता बनी जान की दुश्मन
राजकीय चिकित्सालय में इलाज के दौरान वीरेंद्र ने बताया कि उसकी पांच बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी दो बार हाईस्कूल में फेल हो चुकी है। वह दो-चार दिन से पढ़ाई के लिए उस पर दबाव बना रहा था। यही खता उसकी जान की दुश्मन बन गई।
पहले भी हो चुका है हमला
वीरेंद्र के भाई धीरेंद्र ने बताया कि उसकी भाभी साल 2007 में भी परिजनों के साथ मिलकर वीरेंद्र पर हमला करा चुकी है। मामला पुलिस के पास पहुंचा था, लेकिन दोनों परिवार की रजामंदी के बाद समझौता हो गया था।