दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने वाहन चोरों के गैंग को दबोचा है। इनकी पहचान जसविंदर सिंह उर्फ सोनू (37) और अजय (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार स्कूटी व दो बाइक बरामद की हैं।
पुलिस की मानें तो जसविंदर डीयू का पूर्व छात्र है। पिता की मौत के बाद उसने अपराध की दुनिया में कदम रखा। इसकी पत्नी कुख्यात सोनू पंजाबन की सहयोगी रही है। जसविंदर व इसकी पत्नी को बंटी-बबली की जोड़ी के नाम से भी जाना जाता है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त डॉ. जी. रामगोपाल नायक ने बताया कि पूर्वी दिल्ली में वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ गई थीं। अपराध शाखा को जांच के दौरान बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि चोरी की बाइक के साथ नंद नगरी में गगन सिनेमा के पास दो बदमाश आने वाले हैं। पुलिस ने जसविंदर व अजय को दबोच लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल छह दुपहिया वाहन बरामद किए। पूछताछ मेें आरोपियों ने बताया कि वह दुपहिया वाहन चोरी कर झपटमारी की वारदात करते थे। वे सुनसान स्थानों पर लोगों को निशाना बनाते थे।