यूपी के पूर्व सांसद डीपी यादव को दिल्ली पुलिस ने सट्टेबाजी(गैंबलिंग एक्ट) में भी गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने इससे पहले डीपी यादव को मकोका के तहत गिरफ्तार किया था।
अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि डीपी यादव क्राइम सिंडीकेट का हिस्सा हैं और सट्टा चलाने वालों से रोजाना दो लाख रुपये प्रोटेक्शन मनी लेते थे।
पुलिस ने मकोका मामले में पूछताछ के बाद डीपी यादव को भजनपुरा थाने में दर्ज सट्टेबाजी के मुकदमा संख्या 912/2015 में गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली पुलिस ने 12 दिन की रिमांड के बाद कड़कडड़ूमा कोर्ट स्थित स्पेशल मकोका जज देवेंद्र कुमार के समक्ष डीपी यादव को पेश किया। इसके बाद सट्टेबाजी के मामले में पुलिस ने डीपी यादव को महानगर दंडाधिकारी सुनील कुमार शर्मा के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने का आग्रह किया।